स्कूल बस ने कुचली दो बच्चियां, एक की मौत, गाड़ी रिवर्स करते चपेट में आई दोनों बहनें, एक घायल

Spread the love

ऊना, मीनाक्षी:ऊना मुख्यालय के साथ लगते रायंसरी में स्कूल बस ने दो मासूम बच्चियों को कुचल दिया। हादसे में आशवी (3) पुत्री सुशील कुमार निवासी रायंसरी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी बड़ी बहन पृशा (5) का क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में उपचार जारी है। सूचना मिलते ही ऊना पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और मामले को लेकर आगामी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने बस के मालिक व चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार आशवी व पृशा दोनों सगी बहने हंै। दोनों ऊना के एक नामी स्कूल में एलकेजी व यूकेजी की छात्राएं है। आशवी का सोमवार को स्कूल का पहला ही दिन था। सुबह माता-पिता ने दोनों बच्चियों को तैयार कर स्कूल भेजा था। स्कूल में पढऩे के बाद आशवी व पृशा स्कूल बस से वापस घर आ रही थी। स्कूल बस चालक ने रायंसरी में दोनों बच्चियों को उतारा था और चालक बस को बैक कर रहा था तो अचानक ही दोनों बच्चियां बस की चपेट में आ गई।

इस दौरान बच्चियों की चीखो पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए और दोनों बच्चियों को बाहर निकाला गया। इसके बाद दोनों बच्चियों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने दोनों बच्चियों का प्राथमिक उपचार शुरू किया। चिकित्सकों ने आशवी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, लेकिन पीजीआई पहुंचने से पहले ही आशवी ने जख्मों के ताव न सहते हुए दम तोड़ दिया, जबकि पृशा का उपचार क्षेत्रीय अस्पताल में ही चल रहा है। एसपी सचिन हिरेमथ ने बताया कि पुलिस ने बस मालिक व चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी तफ्तीश शुरु कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *