मंडी, काजल:साइबर ठगों ने एक सरकारी कर्मचारी को शिकार बनाकर करीब 30 लाख रुपये की ठगी कर ली। शातिरों ने सोशल मीडिया के जरिये आईपीओ में भारी मुनाफे का लालच देकर इस वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना मध्य खंड मंडी में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पीड़ित के अनुसार वेल्थ एलायंस और इंडियन सॉवरिन थिंकिंग जैसे ग्रुप्स के नाम पर टेलीग्राम के जरिये उससे संपर्क किया गया। ठगों ने एक फर्जी निवेश एप डाउनलोड करवाया, जिस पर फर्जी मुनाफा दिखाकर पीड़ित का भरोसा जीता।
इसके बाद पीड़ित ने एक माह के भीतर 15 लाख और 14 लाख जैसी बड़ी किस्तों में कुल 30 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब पीड़ित ने राशि निकालनी चाही तो आरोपियों ने 12 लाख रुपये और जमा करने की मांग की गई। उन्हें कहा गया कि यह राशि अन्य धनराशि निकालने के लिए जरूरी है। यह सब घटना एक माह के अंतराल में हुई। लगातार धनराशि मांगने पर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उसने मंडी साइबर थाना में शिकायत दर्ज करवाई। उधर, साइबर पुलिस डीआईजी रोहित मालपानी ने कहा कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच जारी है।
