पशु मित्र भर्ती प्रक्रिया पर अगले आदेशों तक लगी रोक, शारीरिक परीक्षा पर हुआ था विवाद

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल प्रदेश के पशुपालन विभाग में पशु मित्रों की भर्ती प्रक्रिया को लेकर चल रही शारीरिक परीक्षा पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। निदेशक पशुपालन की ओर से प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए यह निर्णय लिया गया है। सभी नियंत्रक अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से शारीरिक परीक्षा की प्रक्रिया को रोकने के आदेश दिए गए हैं। पशुपालन विभाग की ओर से 500 पदों पर पशु मित्र की भर्ती को लेकर शारीरिक परीक्षा में 25 किलो का कट्टा उठवा कर दौड़ लगवाने को लेकर उठ रहे विवाद के बाद यह फैसला लिया गया है। आदेश में कहा गया है कि कुछ प्रशासनिक कारणों के चलते यह निर्णय लेना आवश्यक हो गया था। अगली सूचना तक कोई भी शारीरिक परीक्षण आयोजित नहीं किया जाएगा।इस फैसले से प्रदेशभर में पशु मित्र भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति बन गई है। कई जिलों में शारीरिक परीक्षा की तैयारियां अंतिम चरण में थीं। अब उम्मीदवारों को आगामी निर्देशों का इंतजार रहेगा। पशु पालन विभाग का मानना है कि जल्द ही नई तिथि व संशोधित कार्यक्रम जारी किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि पशु मित्र भर्ती को लेकर शारीरिक परीक्षा में 25 किलो का कट्टा उठवा कर दौड़ लगवाने का लोगों ने विरोध किया था। इस पर सरकार ने स्पष्टीकरण दिया था कि परीक्षा सुरक्षा और कार्यक्षमता के लिए जरूरी है न कि प्रतियोगिता के लिए। लेकिन अब प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए इस पर रोक लगाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *