शिमला, सुरेंद्र राणा: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि देशभर में शहीदी दिवस के रूप में मनाई जा रही है। शिमला में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू समेत अन्य कांग्रेस नेताओं ने रिज मैदान स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, मंत्रीगण, कांग्रेस विधायक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद कांग्रेस नेताओं ने मनरेगा का नाम व स्वरूप बदलने के विरोध में दो घंटे का उपवास किया। कांग्रेस नेताओं ने मनरेगा का नाम बदलने को दुर्भाग्यपूर्ण क़रार देते हुए आरोप लगाया कि देश में NDA के नेतृत्व वाली सरकार राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की सोच के ख़िलाफ़ काम कर रही है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाने को दुर्भावनापूर्ण कृत्य बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने बदलाव कर इस योजना को कमज़ोर करने का काम किया है। पहले केंद्र सरकार योजना के तहत पूरा पैसा देती थी, लेकिन अब राज्य सरकार को भी 10 फ़ीसदी हिस्सा देना होगा।
उन्होंने यूरोपियन यूनियन के साथ हुई डील के बाद हिमाचल प्रदेश के सेब बागवानों को होने वाले नुक़सान को लेकर भी चिंता ज़ाहिर की। वहीं, हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने भी मनरेगा के नाम में बदलाव और सेब बागवानों को संभावित नुक़सान को लेकर केंद्र सरकार से ज़रूरी क़दम उठाने की मांग की।
