बांग्लादेश में एक और हिंदू को जिंदा जलाया, पेट्रोल डालकर लगाई आग

Spread the love

बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा का एक और गंभीर मामला सामने आया है। नरसिंदी पुलिस लाइन्स से सटे मस्जिद मार्केट इलाके में 23 साल के हिंदू युवक चंचल चंद्र भौमिक की बेरहमी से हत्या किए जाने का आरोप है। आशंका जताई जा रही है कि चंचल को गैराज के भीतर ही जिंदा जला दिया गया। मृतक चंचल चंद्र भौमिक कुमिल्ला जिला के लक्ष्मीपुर गांव का रहने वाला था। वह पिछले कई वर्षों से नरसिंदी के एक गैराज में काम करता था और काम के सिलसिले में वहीं रह रहा था। चंचल अपने परिवार का मंझला बेटा था और परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य भी था। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार देर रात जब चंचल गैराज के अंदर सो रहा था, तभी दुकान के बाहर लगे शटर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। आग लगते ही लपटें तेजी से पूरे गैराज में फैल गई। घटना से जुड़े एक वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति दुकान के बाहर आग लगाता है, जिसके बाद आग तेजी से अंदर फैल जाती है।घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने फायर सर्विस को सूचना दी। नरसिंदी फायर सर्विस की एक टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के बाद गैराज के अंदर से चंचल चंद्र भौमिक का जला हुआ शव बरामद किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चंचल लंबे समय तक आग में जलता रहा और उसकी बेहद दर्दनाक मौत हो गई.परिजनों ने इस घटना को पूरी तरह पूर्व नियोजित हत्या बताया है। उन्होंने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से साक्ष्य इक_ा किए गए हैं। मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

स्थानीय हिंदू समुदाय के नेताओं ने इस निर्मम हत्या की कड़ी निंदा की है। उन्होंने दोषियों की तुरंत पहचान और गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रशासन से इलाके में अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *