शिमला,सुरेन्द्र राणा:कांग्रेस के नवनियुक्त जिला अध्यक्षों के साथ हिमाचल मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल रू-ब-रू होंगी। आठ जनवरी को राजीव भवन में होने जा रही इस बैठक में वह ऑनलाइन जुड़ेंगी। हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार की अध्यक्षता में यह मीटिंग होगी। बहरहाल यह पहला मौका होगा, जब हिमाचल में पार्टी हाईकमान की ओर से तैनात जिला अध्यक्ष प्रभारी से रू-ब-रू होंगे। उल्लेखनीय है कि हाल ही में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने हिमाचल के 11 संगठनात्मक जिलों में अध्यक्षों की तैनाती कर दी है। एआईसीसी के ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत प्रदेश में कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के लिए विनय कुमार ने यह अहम बैठक बुलाई है।
ग्रामीण स्तर पर अभियान के साथ आमजन और कार्यकर्ताओं को जोडऩे के लिए खास तौर पर जिला अध्यक्षों के लिए यह बैठक रखी गई है। उधर, जानकारी मिली है कि कांग्रेस की हिमाचल मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल भी वर्चुअल माध्यम से इस बैठक में शामिल होने जा रही हैं। जबकि सह प्रभारी चेतन चौहान और विदित चौधरी भी इस बैठक में ऑनलाइन अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएंगे। हिमाचल प्रभारी और सहप्रभारियों की इस बैठक में मौजूदगी को लेकर सभी जिला अध्यक्षों को भी आगामी सूचना प्रेषित कर दी गई है। साथ जिला अध्यक्षों से इस बैठक में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करवाने को कहा गया है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने देश भर में मनरेगा बचाओ संग्राम दस जनवरी से आरंभ करने का फैसला लिया है। इस कड़ी में आठ जनवरी को सभी प्रदेशों में जिला अध्यक्षों की साथ बैठकों का आयोजन होने जा रहा है। एआईसीसी द्वारा बनाए गए शेडयूल के तहत 10 जनवरी को जिला स्तर पर पार्टी नेता प्रेस कान्फ्रेंस करेंगे, जबकि 11 जनवरी को एक दिन का उपवास व प्रतीकात्मक विरोध किया जाएगा। वहीं, 12 जनवरी से 29 जनवरी तक पंचायत स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाने की रणनीति बनाई गई है। इस दौरान सभी पंचायतों में चौपालें, कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष और नेता विपक्ष के पत्रों को ग्राम प्रधानों, पूर्व प्रधानों, रोजगार सेवकों और मनरेगा श्रमिकों को वितरित करने की योजना है।
