जालंधर:जालंधर के वेस्ट हल्के में भरे बाजार में ज्वेलर्स की दुकान को लूटने की कोशिश की गई। दुकान के मालिक के अनुसार दो व्यक्ति मुंह ढक कर उसकी दुकान पर आए और ब्रेसलेट दिखाने को कहा। उन्हें उन पर शक हुआ तो दुकानदार ने ब्रेसलेट नहीं होने का बहाना बनाकर उन्हें दुकान से बाहर जाने को कहा। इतने में एक लुटेरे ने पिस्तौल निकाल कर उनकी पत्नी के सामने रख दी और कहा कि अगर शोर मचाओगे तो गोली मार देंगे। दुकान के मालिक ने बताया कि पहले तो हम डर गए, लेकिन फिर हिम्मत करके उनको दुकान से बाहर निकाला। उन्होंने गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन गोली चली नहीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। दोनों लुटेरों ने मुंह पर मास्क पहन रखे थे।
यह सारी घटना वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पुलिस के अनुसार पीडि़त के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व सांसद सुशील कुमार रिंकू और पूर्व विधायक शीतल अंगुराल भी मौके पर पहुंच चुके थे। पूर्व सांसद सुशील कुमार रिंकू ने पुलिस अधिकारियों को लुटेरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। बता दें कि जालंधर के वेस्ट हल्के में अभी एक दिन पहले ही नशा तस्करों ने एक घर पर तलवारों से हमला किया था। वह मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि शनिवार शाम को लुटेरों ने ज्वेलर्स की दुकान को लूटने की कोशिश की।
