ठंड से जम गया काजा, पारा -18 डिग्री तक लुढक़ा, जानिए कब बदलेगा मौसम

Spread the love

कुल्लू, काजल:जनजातीय क्षेत्र काजा में शीतलहर का प्रकोप चरम पर पहुंच गया है। बर्फबारी न होने के चलते इस बार लाहुल-स्पीति में भयंकर ठंड पडऩी शुरू हो गई है। दोपहर तीन बजे के बाद घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल सा हो गया है। काजा का न्यूनतम तापमान माइनस 18 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा रहा है, जिससे पूरा इलाका बर्फीली ठंड की चपेट में आ गया है। शनिवार को भी यहां का न्यूनतम तापमान माइनस 18 डिग्री और अधिकतम पारा माइनस नौ डिग्री दर्ज किया गया। लगातार गिरते तापमान के कारण जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। कड़ाके की ठंड के चलते जल आपूर्ति लाइनें जम रही हैं और कई घरों में पानी की समस्या खड़ी हो गई है।वहीं वाहनों के इंजन स्टार्ट करने में भी लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह और शाम के समय सडक़ों पर सन्नाटा पसर जा रहा है और लोग बेहद जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। स्थानीय प्रशासन ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। स्थानीय लोगों की माने तो आने वाले दिनों में भी तापमान में ज्यादा सुधार की संभावना नहीं दिख रही है, जिससे ठंड का यह दौर अभी जारी रह सकता है। अगर बर्फबारी होती है, तो कुछ राहत जरूर मिल सकती है। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी तापमान लगातार गिर रहा है। मौसम विभाग ने 30 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोम के सक्रिय होने के साथ ही बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *