नई दिल्ली: देशभर में सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर चिंताजनक तथ्य सामने आए हैं। शिक्षा मंत्रालय द्वारा संसद में दी गई जानकारी के अनुसार देश में मौजूद 10.13 लाख सरकारी स्कूलों में से 5,149 स्कूल ऐसे हैं, जहां 2024-25 शैक्षणिक सत्र में एक भी छात्र नामांकित नहीं है।
मंत्रालय ने बताया कि शून्य नामांकन वाले इन स्कूलों में से 70 प्रतिशत से अधिक तेलंगाना और पश्चिम बंगाल राज्यों में स्थित हैं। इसके अलावा, शून्य या 10 से कम छात्रों वाले सरकारी स्कूलों की संख्या में बीते दो वर्षों के दौरान 24 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। यह स्थिति सरकारी शिक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती के रूप में सामने आई है।
