पंजाब दस्तक
वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र राणा की खास रिपोर्ट
तीसा (चंबा): पेंशनर्ज वेलफेयर एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश की राज्य कार्यकारिणी द्वारा पिछले महीने 18 तारीख को बिलासपुर में लिए गए ऐतिहासिक निर्णय के तहत प्रदेशव्यापी जन जागरण अभियान अब पूरी रफ्तार पकड़ चुका है। बिलासपुर महाबैठक में तय रणनीति के अनुसार हर ब्लॉक में ‘डोर-टू-डोर’ संपर्क अभियान चलाकर पेंशनरों को उनके हकों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में जॉइंट एक्शन कमेटी के प्रधान सुरेश ठाकुर अपने साथियों सहित चंबा जिले के दूरदराज क्षेत्र ब्लॉक यूनिट तीसा (भुजराडू) पहुंचे। यहां आयोजित विशाल बैठक में तीसा ब्लॉक कार्यकारिणी और सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने सुरेश ठाकुर और उनके साथियों का जोरदार स्वागत किया।
3 रैलियों की सफलता से कराया अवगत, सेल्फ-स्टाइल स्वयंभू नेताओं की खोली पोल
बैठक को संबोधित करते हुए जॉइंट एक्शन कमेटी के प्रधान सुरेश ठाकुर ने अब तक आयोजित की गई 3 विशाल पेंशनर रैलियों के बारे में विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इन रैलियों के जरिए पेंशनरों की मांगों को किस मजबूती से उठाया गया है। इसी दौरान उन्होंने पेंशनरों के नाम पर दुकान चलाने वाले तथाकथित और सेल्फ-स्टाइल स्वयंभू नेताओं पर जमकर निशाना साधा।

सुरेश ठाकुर ने कहा कि इन स्वयंभू नेताओं के पीछे धरातल पर कोई समर्थन नहीं है, लेकिन मुख्यमंत्री जी भी इन्हीं लोगों को आगे कर रहे हैं। ये चंद नेता सरकार के साथ मिलकर 1 लाख 90 हजार पेंशनरों के हक और जायज मांगों को मारने का काम कर रहे हैं। उन्होंने पेंशनरों को सचेत करते हुए कहा कि ऐसे लोगों की असलियत को पहचानें और अपने लोकतांत्रिक अधिकारों व कर्तव्यों की रक्षा के लिए एक मंच पर आएं।
डोर-टू-डोर अभियान से बन रहा पूरे हिमाचल का खाका, डीए और एरियर पर आर-पार
सुरेश ठाकुर ने स्पष्ट किया कि अब वक्त आ गया है जब तमाम पेंशनरों को अपनी एकजुटता की ताकत दिखानी होगी। चाहे कोई कर्मचारी किसी भी सरकारी विभाग, बोर्ड या कॉरपोरेशन से रिटायर हुआ हो और चाहे वह किसी भी वर्ष सेवानिवृत्त हुआ हो—सभी के डीए, एरियर, संशोधित वेतनमान और मेडिकल बिलों के भुगतान के अधिकार समान हैं।
उन्होंने बताया कि जिस प्रकार भूप राम जी ने शिमला और ट्राइबल एरिया में मोर्चा संभालकर संगठन को मजबूत किया है, उसी तर्ज पर तीसा (भुजराडू) जैसे दुर्गम क्षेत्रों में भी गांव-गांव जाकर डोर-टू-डोर दस्तक दी जा रही है। स्थानीय पेंशनरों को जागरूक कर, उनके साथ बैठकें करके नए सदस्य जोड़े जा रहे हैं और ब्लॉक स्तर पर मजबूत कमेटियां गठित की जा रही हैं। इस अभियान के जरिए पूरे हिमाचल प्रदेश के 1.90 लाख पेंशनरों की एकजुटता का एक मजबूत खाका तैयार किया जा रहा है।
तीसा (भुजराडू) ब्लॉक कार्यकारिणी ने बिलासपुर के फैसलों पर लगाई मुहर
भुजराडू में हुई इस बैठक में ब्लॉक यूनिट तीसा के समस्त पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों और वरिष्ठ पेंशनरों ने बिलासपुर में 18 तारीख को लिए गए तमाम फैसलों का पुरजोर समर्थन किया। उपस्थित पेंशनरों ने एक सुर में कहा कि वे जॉइंट एक्शन कमेटी के साथ चट्टान की तरह खड़े हैं और इस जन जागरण अभियान को तीसा के हर गांव, हर घर और हर पेंशनर तक पूरी ताकत के साथ पहुंचाएंगे।
www.punjabdastak.com
देखते रहें पंजाब दस्तक, आपका अपना चैनल। देश, दुनिया, राजनीति और समाज की हर हलचल से लगातार रूबरू रहने के लिए आज ही सब्सक्राइब करें, लाइक करें और फॉलो करें पंजाब दस्तक। निष्पक्ष और बेबाक खबरों का एकमात्र ठिकाना—पूरा देखें, सच देखें, और हमेशा देखते रहें पंजाब दस्तक!
