शिमला, सुरेन्द्र राणा: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सोमवार को आपदा प्रभावितों को राहत पैकेज के तौर पर 82.15 करोड़ रुपए बाटेंगे। इसके लिए तीन जिलों मंडी, कुल्लू और बिलासपुर के बाढ़ पीडि़तों की मदद का कार्यक्रम मंडी के पड्डल मैदान में रखा गया है। मंडी जिला को 36 करोड़, जबकि कुल्लू को सबसे अधिक 40 करोड़ 65 लाख तथा बिलासपुर को साढ़े पांच करोड़ रुपए की राशि मुहैया करवाई जाएगी। करीब 5000 आपदा प्रभावितों को यह धनराशि बांटी जाएगी। यह पहली बार है, जब राज्य सरकार उन आपदा प्रभावितों को पहली किस्त के तौर पर चार लाख रुपए देने जा रही है, जिनका घर पूरी तरह तबाह हो गया है। उनको पहले सिर्फ 1.30 लाख दिया जाता था। इस बार बरसात में घर टूटने के बाद जिन लोगों को 1.30 लाख की पहली किस्त मिल चुकी है, उन्हें 2.70 लाख का चेक अतिरिक्त तौर पर दिया जाएगा। इस पैकज की घोषणा राज्य सरकार अपने स्तर पर कर रही है और अन्य जिलों के प्रभावितों के लिए कार्यक्रम अलग-अलग होंगे। राज्य सरकार ने पहले ही पूरे प्रदेश के लिए एक जैसा पैकेज देने का ऐलान किया है।मुख्यमंत्री ने यह भी कहा है कि इन प्रभावितों के लिए काम पहले करने के बाद राज्य सरकार पंचायत चुनाव को लेकर सोचेगी। इसीलिए डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट के तहत इस बारे में मुख्य सचिव ने एक आदेश कर रखा है। आपदा प्रभावितों को कंसोलिडेटेड पैकेज राज्य सरकार ने 2023 में हुए नुकसान के बाद पहली बार दिया था और इस पैकेज को अब अपग्रेड किया गया है। 2025 में हुए नुकसान को देखते हुए अब सात लाख पैकेज के साथ 70000 घरों के साजो-सामान के लिए अतिरिक्त तौर पर जोड़े गए हैं। इस बारे में कैबिनेट से मंजूरी पहले ही ली जा चुकी है और अब सोमवार को मुख्यमंत्री द्वारा मंडी में की जाने वाली घोषणा से साफ होगा कि बाकी प्रदेश के जिलों के लिए राज्य सरकार की क्या योजना है।
