कांगड़ा, अभय: बिलिंग से उड़ान भरने के बाद धर्मशाला के त्रियुंड की पहाडिय़ों में लापता हुई विदेशी महिला पैराग्लाइडर की मौत हो गई है। कनाडा की रहने वाली उक्त महिला पायलट का अंतिम संस्कार भी बीड़ में ही किया गया। महिला पायलट के ब्वाय फ्रेंड ने बीड़ पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन से आग्रह किया कि उनकी दोस्त मेगन का अंतिम संस्कार यहीं किया जाए। 27 वर्षीय कनाडाई पैरा पायलट का दुखद अंत हर किसी के लिए काफी कष्टदायक है। बीपीए के प्रतिनिधि एवं रेस्क्यू टीम के सदस्य सुरेश ठाकुर, साडा के सुपरवाइजर रणविजय ने बताया कि उक्त महिला पायलट का अंतिम संस्कार दोपहर बाद बीड़ में ही किया गया। बीते रविवार को उड़ान भरने के बाद कनाडा की पायलट 27 वर्षीय मेगन एलिजाबेथ रॉबट्र्स लापता हो गई थी।
जीपीएस सिस्टम से पता चला कि वह धर्मशाला के ऊपरी क्षेत्र त्रियुंड की पहाडिय़ों में कहीं फंस गई है। इसके बाद अगले दिन सोमवार को उनकी खोज के लिए एक निजी हेलिकॉप्टर की भी मदद ली गई। मौके पर बीड से गई रेस्क्यू टीम द्वारा उसे कड़ी मेहनत से निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत ही चुकी थी। यही नहीं सोमवार को बिलिंग से उड़ान भरने के बाद एक अन्य विदेशी पायलट जो छोटा भंगाल घाटी में डैहनसर झील के समीप 14000 फुट की ऊंचाई में फंस गया था को सुरक्षित निकाल लिया गया।
