हिमाचल कांग्रेस संगठन विस्तार की जल्द संभावना, नए अध्यक्ष पर भी इसी माह होगा फैसला, सीजेआई पर जूता फेंकने की घटना को CM ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा; हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने बताया कि कांग्रेस संगठन विस्तार को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और संभावना है कि इस माह के अंत तक संगठन विस्तार की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी कुछ कार्यक्रम निर्धारित हैं, जिनके संपन्न होने के बाद यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण 13 अक्टूबर को आयोजित होने वाला है, जिसके चलते संगठन विस्तार फिलहाल टला हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रतिमा अनावरण के बाद पार्टी संगठन विस्तार कर लिया जाएगा। सोनिया गांधी के आने की भी संभावना है, लेकिन जब तक आधिकारिक कार्यक्रम घोषित नहीं होता, तब तक कुछ भी कहना उचित नहीं होगा।”जलवायु परिवर्तन पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में मौसम के असामान्य बदलावों के संकेत स्पष्ट दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि “हिमाचल प्रदेश में सर्दियां पहले शुरू हो गई हैं, जो क्लाइमेट चेंज का स्पष्ट असर है। हमने यह मुद्दा केंद्रीय गृह मंत्री के सामने भी उठाया था, और केंद्र की एक विशेषज्ञ टीम हिमाचल भेजी गई थी। इस समय तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।”मुख्यमंत्री ने बताया कि मानसून सीजन के दौरान हुई तबाही से हुए नुकसान की रिपोर्ट केंद्र को भेज दी गई है। “प्रधानमंत्री ने राहत पैकेज देने की घोषणा की है, लेकिन अभी तक 1500 करोड़ रुपए की राशि आई नहीं है। जब भी केंद्र से पैकेज मिलेगा, हम प्रधानमंत्री का धन्यवाद करेंगे।”पर्यटन व्यवसाय पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश अब पूरी तरह से पर्यटन के लिए सुरक्षित और खुला है।

मुख्यमंत्री ने कहा—“मैं देश के सभी पर्यटन प्रेमियों से आग्रह करता हूं कि वे हिमाचल आएं, यहां की शुद्ध वायु और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद उठाएं। अब हिमाचल में पर्यटन फिर से पटरी पर लौट रहा है।” मुख्यमंत्री ने सुप्रीम कोर्ट में हुई उस घटना पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें मुख्य न्यायाधीश पर एक व्यक्ति ने जूता फेंकने की कोशिश की थी। उन्होंने इस पर कहा—“यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय घटना है। देश की सर्वोच्च न्यायपालिका के प्रमुख पर हमला करना संवैधानिक संस्थाओं की मर्यादा का उल्लंघन है। जो भी इसमें शामिल है, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। हिमाचल प्रदेश इस घटना की भरपूर निंदा करता है।”पंचायत चुनावों को लेकर पूछे गए सवाल पर सीएम ने कहा कि पंचायत चुनाव से पहले इसी माह हिमाचल में कांग्रेस संगठन बन जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *