शिमला, सुरेन्द्र राणा:ब्रह्मा कुमारी सुन्नी उपसेवा केंद्र द्वारा ओम शांति भवन सुन्नी में रविवार, 5 अक्तूबर 2025 को सातवां राज्य स्तरीय आध्यात्मिक सम्मेलन बड़े ही श्रद्धा और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन में प्रदेश भर से लगभग 650 भाई-बहनों ने भाग लिया।
सम्मेलन की शुरुआत सुन्नी उपसेवा केंद्र के निदेशक भ्राता बी.के. रेवा दास ने सभी मेहमानों का शब्दों द्वारा स्वागत कर की। मुख्य वक्ता के रूप में ब्रह्माकुमारी सरला बहन, अध्यक्ष कृषि एवं ग्रामीण विकास प्रभाग, मेहसाणा (गुजरात) ने प्रेरणादायी प्रवचन दिया, जिसमें उन्होंने आध्यात्मिकता और सेवा के माध्यम से जीवन को उत्कृष्ट बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मधुवन अंतर्राष्ट्रीय मुख्यालय, माउंट आबू से भ्राता डॉ. प्रताप मिड्डा, अतिरिक्त महासचिव ब्रह्माकुमारीज एवं डायरेक्टर ग्लोबल हॉस्पिटल, वरिष्ठ राजयोगी भ्राता बी.के. प्रकाश शांतिवन और अन्य बी.के. सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता भ्राता सुरेश चंदेल ने शिरकत की। उन्होंने ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा किए जा रहे सामाजिक और आध्यात्मिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि “यह मिशन समाज को सच्ची दिशा दे रहा है, और हर व्यक्ति को इससे जुड़ना चाहिए।”
इस अवसर पर सभी अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर “आत्मिक ज्योति” जगाने का संदेश दिया। भ्राता डॉ. प्रताप ने नशा मुक्ति पर महत्वपूर्ण टिप्स साझा किए और कहा कि “नशा किसी भी रूप में शरीर, मन और समाज के लिए हानिकारक है।”
सम्मेलन के दौरान भ्राता बी.के. प्रकाश को उनकी लौकिक और अलौकिक सेवाओं की डायमंड और गोल्डन जुबली के अवसर पर सैकड़ों भाई-बहनों ने फूल-मालाएं और उपहार भेंट किए। उन्होंने सभी का आभार जताया और कहा कि “संगम युग की ये अनमोल घड़ियाँ हमें तन-मन-धन से सफल बनानी हैं।”
कार्यक्रम के मध्य में मुख्य अतिथि भ्राता सुरेश चंदेल ने “नशा मुक्ति अभियान” का ध्वज ब्रह्माकुमारी शकुंतला बहन को सौंपा। शकुंतला बहन ने उपस्थित सभी भाई-बहनों को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई।
अंत में भ्राता प्रकाश जी ने मुख्य अतिथि सुरेश चंदेल को स्मृति चिह्न भेंट किया, जबकि ब्रह्माकुमारी सरला बहन ने ईश्वरीय टोली और सौगात वितरित की। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों को ब्रह्मा भोजन स्वीकार कराकर किया गया।
