एजेंसियां — इस्लामाबाद: भारत द्वारा पाकिस्तान को ऑपरेशन 2.0 की चेतावनी और पाकिस्तान को नक्शे से मिटाने वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पाकिस्तानी सेना ने कहा है कि अगर दोनों देशों के बीच भविष्य में कोई युद्ध हुआ, तो वह बहुत विनाशकारी होगा। पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने कहा कि पाकिस्तान की सेना शत्रु के हर इलाके में लड़ाई करने में सक्षम है। पाकिस्तान सेना ने अपने बयान में कहा कि भारतीय रक्षा मंत्री और सेना व वायुसेना प्रमुखों के बयानों को देखते हुए हम चेतावनी दे रहे हैं कि भविष्य में किसी भी तरह का संघर्ष बहुत विनाशकारी हो सकता है। अगर शत्रुता का नया दौर शुरू हुआ तो पाकिस्तान पीछे नहीं हटेगा। हम बिना हिचकिचाहट और बिना संयम के कड़ा जवाब देंगे। पाकिस्तान सेना ने आगे कहा कि जिन लोगों की मंशा नया नियम बनाना है, उन्हें समझ लेना चाहिए कि पाकिस्तान ने अब एक नया तरीका अपना लिया है।
यह तरीका तेज, निर्णायक और विनाशकारी होगा। बेवजह की धमकियों और बेतहाशा हमलों का सामना करते हुए पाकिस्तान की जनता और सशस्त्र बलों के पास दुश्मन के हर इलाके तक लडऩे की क्षमता और दृढ़ संकल्प है। इस बार हम भौगोलिक सीमाओं के पीछे छिपने की धारणा को तोड़ देंगे और भारतीय क्षेत्र के सबसे दूरदराज इलाकों तक पहुंच जाएंगे। जहां तक पाकिस्तान को नक्शे से मिटाने की बात है, भारत को जानना चाहिए कि अगर ऐसी कोई स्थिति आई, तो इसका असर दोनों तरफ होगा। गौर हो कि भारत के जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने शुक्रवार को कहा था कि पाकिस्तान को आतंकवाद को समर्थन देना बंद करना चाहिए, अगर वह विश्व मानचित्र पर अपनी जगह बनाए रखना चाहता है। इसके एक दिन पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा था कि भारत जरूरत पडऩे पर किसी भी सीमा को पार कर सकता है, ताकि अपनी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
