शिमला, सुरेंद्र राणा: 1 अगस्त से केवल आठ घंटे काम करने की चेतावनी पर HRTC चालक परिचालक यूनियन अडिग है। चालक परिचालक यूनियन की बीते शाम लंबित मांगों को लेकर एमडी HRTC के साथ वार्ता हुई जिसमें प्रबंधन ने मांगो को पूरा करने की सहमति जताई लेकिन वित्तीय देनदारियों को लेकर प्रबंधन ने अपने हाथ खड़े कर दिए।
ऐसे में आज फिर चालक परिचालकों ने शिमला ओल्ड बस स्टैंड में गेट मीटिंग कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चेताया कि यदि सभी बकाया भुगतान नहीं हुए, तो एक अगस्त से कर्मचारी केवल आठ घंटे की ही सेवाएं देंगे।HRTC ड्राइवर-कंडक्टर यूनियन के अध्यक्ष मान सिंह ठाकुर ने बताया कि निगम प्रबंधन के साथ वार्ता जरूर हुई जिसमें कुछ मुद्दों पर सहमति भी बनी लेकिन कर्मचारियों की सबसे अहम लंबित देनदारियों—जैसे नाइट ओवरटाइम भुगतान, चिकित्सा भत्ता, डीए , एरियर जैसी देनदारियों को लेकर कोई ठोस हल नहीं निकला। पिछले पांच वर्षों से लगभग 100 करोड़ रुपये का ओवरटाइम भुगतान अटका हुआ है, वहीं पेंशनधारकों को भी समय पर पेंशन नहीं मिल रही है। 31 जुलाई से पहले अगर डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री से कोई वार्ता होती है और समाधान निकलता है तो वह अपने फैसले पर विचार करेंगे, अन्यथा 1 अगस्त से केवल आठ घंटे की ड्यूटी ही करेंगे।
