मंडी जिले के लडभड़ोल में बोलेरो खाई में गिरी, एक महिला की मौत, तीन युवतियां घायल

Spread the love

मंडी, काजल: ग्राम पंचायत खुड्डी में शनिवार सुबह पानी लाने जा रहे परिवार की बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में एक महिला की मौत हो गई जबकि तीन अन्य जख्मी हुए। मृतका की पहचान खुड्डी पंचायत के करलोन गांव की मीना देवी (36) पत्नी सरवन कुमार के रूप में हुई है। उसकी बेटी मुस्कान (18), भांजी काजल (19) पुत्री जोगिंद्र निवासी कोलंग और रिश्ते में बहू तनु (28) पत्नी विवेक गंभीर रूप से जख्मी हो गईं।

सभी पानी लाने के लिए वाहन में जा रहे थे। घर से करीब 400 मीटर दूर पहुंचने पर एक मोड़ पर चालक तनु ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क से खाई में जा गिरी। हादसे के बाद गांव में चीख पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और 108 एंबुलेंस को जानकारी दी। पौने दस बजे सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से नागरिक अस्पताल लडभड़ोल पहुंचाया। डॉ. निखिल शर्मा ने सभी को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया। घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए तनु, मीना देवी और मुस्कान को सिविल अस्पताल बैजनाथ रेफर कर दिया गया।

बैजनाथ अस्पताल में इलाज के दौरान मीना देवी (36) ने दम तोड़ दिया। बोलेरो गाड़ी मीना के पति सरवन कुमार की थी। तनु सरवन के भाई के बेटे विवेक की पत्नी है। उधर, बैजनाथ अस्पताल में घायलों का उपचार जारी है। हादसा सुबह करीब 9:30 बजे हुआ।उधर, घटना की सूचना मिलते ही लडभड़ोल पुलिस चौकी प्रभारी रमेश कुमार टीम के साथ नागरिक अस्पताल लडभड़ोल पहुंचे। उन्होंने वहां उपचाराधीन घायल काजल के बयान दर्ज किए। रमेश कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *