भाजपा नेता जम्वाल ने कौल सिंह ठाकुर को दी चुनौती बोले- कभी पूरा नहीं होगा कांग्रेस का सत्ता में आने का सपना

Spread the love

शिमला(सुरेन्द्र राणा);  प्रदेश भाजपा महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने पूर्व मंत्री कौल सिंह के बयान पर पलटवार किया है। कौल सिंह ठाकुर का आरोप था कि प्रदेश सरकार का चार साल का कार्यकाल निराशाजनक रहा। उनके इस बयान पर करारा जवाब देते हुए भाजपा नेता जम्वाल ने कहा कि सरकार का कार्यकाल जनता के लिए नहीं बल्कि कांग्रेस के नेताओं के लिए निराशाजनक रहा है क्योंकि उन्हें सरकार को घेरने के लिए कोई मुद्दा नहीं मिल रहा।

त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि कांग्रेस को सत्ता में आने का सपना कभी भी साकार नहीं होगा। उन्होंने कहा कि 2017 के चुनाव में कौल सिंह ठाकुर की जो हालात हुई थी उसी तरह 2022 के चुनाव में भी होना तय है। कौल सिंह ठाकुर को द्रंग की जनता ही नहीं बल्कि उनके कांग्रेसी मित्र भी चुनाव हरवा देंगे। कांग्रेस के नेताओं में मुख्यमंत्री बनने की होड़ मची है और इसके लिए वे एक-दूसरे की जड़ें कमजोर करने में जुटे हुए हैं।

भाजपा के महामंत्री ने कहा कि प्रदेश की जयराम सरकार की उपलब्धियों को देख कांग्रेस के सभी नेता बौखला चुके हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल का विकास केंद्र की मोदी और प्रदेश की जयराम सरकार यानी डबल इंजन की सरकार की देन है। कोरोना जैसी महामारी के दौरान भी हिमाचल में विकास कार्य रुकने नहीं दिया। जबकि कांग्रेस के नेता तो उन परिस्थितियों में अपनी जेब भरने की सोच रहे थे। भाजपा नेता ने कौल सिंह से पूछा कि जब यूपीए की सरकार थी तो प्रधानमंत्री कितनी बार हिमाचल आए?

कांग्रेस की सरकारों में होती थी चिटों पर भर्ती
भाजपा नेता ने कहा कि प्रदेश में जब-जब भी कांग्रेस की सरकारें रही, तब-तब चिटों पर भर्तियां होती थी। आज जयराम सरकार पादर्शिता से हर क्षेत्र में विकास कार्य कर रही है, उसे कांग्रेस लोगों की आवाज दबाने का आरोप लगा रही है। उन्होंने कौल सिंह ठाकुर के बयान की निंदा करते हुए कहा कि वह चुनावी साल आते ही लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि कौल सिंह खुद को मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार से कम नहीं समझ रहे हैं। कांग्रेस में इस वक्त स्थिति ऐसी है कि मुकेश अग्निहोत्री, रामलाल ठाकुर, आशा कुमारी, सुखविंद्र सिंह सुक्खू समेत कुछ अन्य नेता खुद को मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार मान रहे हैं। भाजपा नेता ने कहा कि प्रदेश में अब एक बार कांग्रेस और एक बार भाजपा की परंपरा समाप्त होगी। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा मिशन रिपीट करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *