प्रदेश में बड़े प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी, सरकार ले सकती है बड़ा फैसला

Spread the love

शिमला(सुरेन्द्र राणा) हिमाचल में बड़े प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी चल रही है। यह फेरबदल राज्य के प्रशासनिक सचिवों के स्तर पर होगा और 10 से 12 प्रशासनिक सचिवों को बदला जा सकता है। इस बदलाव की कई वजह अब साफ हो गई है। 1995 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी भरत खेड़ा भारत सरकार के डेपुटेशन से वापस लौट आए हैं।

इनके लौटते ही फिलहाल इन्हें आईएएस देवेश कुमार के विभाग अतिरिक्त कार्यभार के तौर पर दिए गए हैं। देवेश कुमार के पास जनरल एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट, सचिवालय प्रशासन, सैनिक कल्याण और संसदीय कार्य मंत्रालय विभाग थे। देवेश कुमार निजी कारणों से वर्तमान में छुट्टी पर हैं और जल्द ही लौटने वाले हैं। इसके बाद भरत खेड़ा के लिए नए विभाग देखने पड़ेंगे। बदलाव की वजह केवल यह एकमात्र कारण नहीं है।

31 दिसंबर को इसी महीने आईएएस अधिकारी संदीप भटनागर रिटायर हो रहे हैं और जनवरी 2022 में मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव जगदीश चंद्र शर्मा भी सेवाकाल पूरा कर रहे हैं। जेसी शर्मा के पास वर्तमान में एक्साइज और ट्रांसपोर्ट के अलावा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग भी हैं। इसलिए बदलावों की यह लिस्ट लंबी बनेगी। चर्चा है कि अब तक बनी फाइल में 10 से 12 आईएएस के कार्यभार बदले जा रहे हैं और इस पर अभी मुख्यमंत्री से चर्चा फाइनल होना बाकी है।

इधर, शनिवार को राज्य सरकार ने एक अन्य आदेश के तहत आईएएस अधिकारी विवेक भाटिया को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आरलेकर का सचिव नियुक्त किया है।

इस पदभार से प्रियतु मंडल को हटा दिया गया है और उन्हें अब डिविजनल कमिश्नर शिमला नियुक्त किया गया है। विवेक भाटिया अपने वर्तमान कार्यभारों के अतिरिक्त राज्यपाल के सचिव का कार्यभार देखेंगे। शनिवार को ही एचएएस अधिकारी मोहन सिंह सैनी को कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर के उप सचिव के पद से पालमपुर नगर निगम में ज्वाइंट कमिश्नर नियुक्त किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *