अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी का पर्दाफाश

Spread the love

चंडीगढ़: अमृतसर पुलिस ने एक अंतरराज्यीय हथियार तस्करी माड्यूल का भंडाफोड़ किया और विदेशी मूल के आतंकवादी लखबीर उर्फ लंडा के दो गुर्गों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से छह अत्याधुनिक .32 बोर पिस्तौल, मैगजीन और गोला-बारूद बरामद किया। यह जानकारी देते हुए पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान तरनतारन के ठठियां गांव के सुमितपाल सिंह और तरनतारन के चंबा कलां के अर्पणदीप सिंह के रूप में हुई है। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि लारेंस बिश्नोई के सहयोगियों द्वारा मध्य प्रदेश (एमपी) से हथियारों की खेप प्राप्त करने के संबंध में खुफिया सूचना मिलने के बाद एसएसओसी अमृतसर की पुलिस टीमों ने एक अभियान चलाया और रेलवे स्टेशन अमृतसर के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी सीधे तौर पर मध्य प्रदेश स्थित अवैध हथियार डीलरों के संपर्क में थे।

उन्होंने बताया कि करीब 15 दिन पहले उक्त आरोपी हथियारों की खेप लेने के लिए बस से एमपी गया था और वहां से ट्रेन से अमृतसर लौटा था। डीजीपी ने कहा कि पिछले दो महीनों में गिरफ्तार आरोपियों द्वारा एमपी स्थित हथियार डीलर से खरीदी गई यह दूसरी खेप है, जिसकी पुलिस ने पहचान कर ली है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी और मध्य प्रदेश से चल रही अवैध हथियारों की तस्करी का भंडाफोड़ करने के लिए उनकी सांठगांठ का पता लगाने के लिए जांच जारी है। अधिक जानकारी साझा करते हुए एआईजी एसएसओसी अमृतसर सुखमिंदर सिंह मान ने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए आपराधिक तत्वों को बेचने के लिए हथियारों की खेप खरीदी थी। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने एक माह पहले हरिके क्षेत्र में दो अज्ञात व्यक्तियों को दो .32 बोर पिस्तौल बेचने की बात भी कबूल की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *