शिमला, सुरेंद्र राणा: मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर देहरा से विधानसभा उपचुनाव लड़ेंगी। कांग्रेस हाईकमान ने कमलेश को चुनाव मैदान में उतारकर हिमाचल का सियासी माहौल गरमा दिया है। मंगलवार दोपहर बाद पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सुक्खू की पत्नी को प्रत्याशी घोषित किया। देहरा उपचुनाव से अब सीधे तौर पर मुख्यमंत्री सुक्खू की प्रतिष्ठा दाव पर लग गई है। देहरा तहसील में मुख्यमंत्री का ससुराल है।
कमलेश की समाजसेवा के क्षेत्र में विशेष रुचि रही है। विशेष रूप से महिला सशक्तीकरण के लिए वह निरंतर सक्रिय रही हैं। पिछले बीस वर्षों से हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सक्रिय सदस्य के रूप में भी काम कर रही हैं। वह नादौन विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक रूप से निरंतर काम कर रही हैं। वर्ष 2012 में अस्तित्व में आए देहरा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस अभी तक चुनाव नहीं जीत सकी है। इससे पहले इस विधानसभा क्षेत्र का नाम जसवां परागपुर था।
वर्ष 1998 से जसवां परागपुर सीट पर भी कांग्रेस को हार का ही सामना करना पड़ा। अब कांग्रेस हाईकमान ने देहरा में हार का सिलसिला तोड़ने के लिए मुख्यमंत्री की पत्नी कमलेश ठाकुर के रूप में मजबूत प्रत्याशी मैदान में उतारकर भाजपा की परेशानी बढ़ा दी है।
