शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल प्रदेश के PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रविवार देर शाम दिल्ली में प्रियंका गांधी और कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की। उन्होंने दोनों नेताओं को प्रदेश सरकार पर संकट और सियासी घमासान से अवगत कराया। सूत्र बताते हैं कि विक्रमादित्य सिंह ने मंत्रियों के कामकाज में CM की दखलअंदाजी, रिज पर वीरभद्र सिंह की प्रतिमा नहीं लगने, विधायकों व पार्टी वर्कर की अनदेखी का मामला उठाया है।
इस दौरान उन्होंने अयोग्य ठहराए गए 6 विधायकों का मसला भी हाईकमान के समक्ष प्रमुखता से उठाया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एवं विक्रमादित्य की माता प्रतिभा सिंह पहले ही बागी विधायकों को अयोग्य ठहराने के फैसले पर सवाल खड़े कर चुकी हैं। अब PWD मंत्री ने भी यह मामला पार्टी हाईकमान के समक्ष उठाया है। हाईकमान ने मंत्री की शिकायत पर उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।
विक्रमादित्य सिंह चार दिन से प्रदेश से बाहर हैं। इस बीच उन्हें लेकर सियासी गलियारों में तरह तरह की चर्चाएं हो रही हैं। विक्रमादित्य सिंह के भाजपा में जाने और वीरभद्र कांग्रेस नाम से नई पार्टी बनाने को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
