बिलासपुर अर्की पेयजल योजना मामले में आज फिर तपेगा सदन रणधीर शर्मा ने दिया ध्यानाकर्षण प्रस्ताव

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा; हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में आज फिर से बिलासपुर और सोलन के अर्की में पानी विवाद को लेकर तपिश देखने को मिलेगी। BJP विधायक रणधीर शर्मा ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाकर सदन में इस पर चर्चा मांगी है। पिछले कल भी विपक्ष ने मुद्दे को लेकर वॉकआउट किया है।

पेयजल विवाद में रणधीर शर्मा के अलावा कई अन्य सदस्य भी अपनी बात रख सकते हैं। आखिर में इस चर्चा का जवाब मंत्री हर्षवर्धन चौहान देंगे। सोलन-बिलासपुर बार्डर पर अर्की के लिए अलीखड्ड से बन रही पेयजल योजना के कारण तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

बिलासपुर सदर और नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र की करीब 50 पंचायतों के लोग इसका विरोध कर रहे हैं। इस मसले में सरकार ने एक कमेटी गठित कर रखी है। कमेटी की रिपोर्ट को आज सदन में रखा जा सकता है। इसके बाद तय हो सकता है कि कीकर से नवगांव पेयजल योजना का निर्माण किया जाए या इसका काम रोक दिया जाए।

मुख्यमंत्री सुक्खू आज सदन में आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट भी टेबल करेंगे। इससे प्रदेश की आर्थिक सेहत मालूम होगी। इससे पहले सदन की कार्यवाही की शुरुआत प्रश्नकाल से होगी। इस दौरान सत्तापक्ष और विपक्ष में नोक-झोंक देखने को मिल सकती है।

अनुपूरक बजट होगा पारित

बजट सत्र में आज मुख्यमंत्री सुक्खू द्वारा पिछले कल पेश किया गया 10307.59 करोड़ रुपए का अनुपूरक बजट भी पारित होगा। साथ ही राज्यपाल के बजट अभिभाषण पर आज चर्चा पूरी होगी। कल मुख्यमंत्री सुक्खू वित्त वर्ष 2024-25 का बजट पेश करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *