पंजाब, सुरेंद्र राणा: अंतरिम बजट-2024 में केंद्रीय वित्तीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने हेल्थ वर्करों को आयुष्मान योजन के साथ जोड़कर बड़ी घोषणा की है। आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सेवा सुरक्षा में सभी आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को भी शामिल किया जाएगा।
इन तीनों वर्ग के कर्मियों को सालाना पांच लाख रुपये तक का निशुल्क इलाज मुहैया कराया जाएगा। अगर पंजाब की बात करें तो स्वास्थ्य विभाग के अधीन 21,470 आशा कार्यकर्ता, 21,828 आंगनबाड़ी और करीब 30 हजार सहायिकाएं हैं। करीब 74 हजार कर्मियों को आयुष्मान भारत योजना का सीधा लाभ पहुंचेगा।
पंजाब में ब्रेस्ट कैंसर के बाद सर्वाइकल कैंसर सर्वाधिक
बजट में 9 से 14 साल की लड़कियों को सर्वाइकल कैंसर का टीका लगाने की घोषणा की है। बता दें कि पंजाब देश में पहला ऐसा राज्य है, जहां सर्वाइकल कैंसर को जड़ से खत्म करने के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन की मदद से एचपीवी टीकाकरण की शुरुआत की गई थी। प्रदेश में प्रत्येक एक लाख में 13 महिलाएं इससे ग्रसित हैं। सर्वाइकल कैंसर इन दिनों एक गंभीर बीमारी बनती जा रही है।
