Sirmour: 22 से 27 नवंबर तक आयोजित होगा अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेला

Spread the love

सिरमौर: उत्तर भारत के प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेले का आयोजन 22 से 27 नवंबर तक धूमधाम के साथ किया जाएगा। उपायुक्त सिरमौर एवं अध्यक्ष श्री रेणुकाजी विकास बोर्ड सुमित खिमटा ने मेले के प्रबंधों को लेकर शुक्रवार को कुब्जा पवेलियन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि मेले में सांस्कृतिक संध्याओं के आयोजन के लिए प्रसिद्ध कलाकारों को आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक संध्याओं में सिरमौरी नाइट और हिमाचली नाइट का विशेष आयोजन किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त मेला में दंगल, वाद्यदल और अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन भी प्रमुखता से किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि मेले के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के दृष्टिगत साफ-सफाई को लेकर विशेष कार्य योजना बनाई जाएगी। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए ददाहू से रेणुकाजी तक सड़क पर रोशनी की भी समुचित व्यवस्था की जाएगी। मेला अवधि के दौरान 13 स्वागत द्वारों का निर्माण चयनित स्थानों पर किया जाएगा।

सुमित खिमटा ने कहा कि मेले के दौरान पुलिस कानून एवं व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पहले की भांति अपना प्लान तैयार करे। श्री रेणुकाजी मेले के दौरान स्वास्थ्य और आयुष विभाग द्वारा अस्थायी डिस्पेंसरी की स्थापना, बिजली, पेयजल, सड़क की मरम्मत, शौचालयों की व्यवस्था, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सेंपलिंग टीम का गठन समेत मेले से जुड़े अन्य विभिन्न पहलुओं पर भी बैठक में विस्तार से चर्चा की गई।

उपायुक्त ने मेले के आरंभ से पहले ही श्रीरेणुका जी में सभी आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित करने के लिए कहा ताकि मेले के दौरान लोगों को असुविधाओं का सामना ना करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *