सिरमौर:समुद्रतल से 18,570 फीट ऊंची दुनिया की सबसे कठिन धार्मिक यात्राओं में शुमार श्रीखंड महादेव के दर्शन के लिए देशभर के श्रद्धालु उत्सुक हैं। इस बार यह यात्रा और भी कठिन होने वाली है। भक्तों को पांच किलोमीटर तक बर्फ में कदमताल करनी होगी। इससे पहले एक से दो किलोमीटर तक ही बर्फ रहती थी। बताया जा रहा है कि इस साल जून के पहले हफ्ते तक श्रीखंड महादेव की पहाड़ियों में बर्फ के फाहे गिरते रहे। ऐसे में महादेव की यात्रा और भी मुश्किल हो सकती है।
इसका खुलासा पिछले सप्ताह सिहंगाड़ से श्रीखंड महादेव जाने वाले रास्ते का निरीक्षण करने गई श्रीखंड यात्रा ट्रस्ट की टीम ने किया है। अब टीम ने इसकी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपी है। श्रीखंड यात्रा ट्रस्ट के संस्थापक सदस्यों का दावा है कि सात जुलाई से शुरू होने वाली श्रीखंड यात्रा तक पार्वती बाग से श्रीखंड महादेव तक जो बर्फीला रास्ता है, उसे पैदल चलने योग्य तैयार किया जाएगा। यात्रा को सफल बनाने के लिए श्रीखंड यात्रा ट्रस्ट ने सभी तरह के इंतजाम उपलब्ध करवाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
