पंजाब दस्तक: पंजाब के फिरोजपुर में पुलिस ने पंजाब होमगार्ड में भर्ती करवाने का झांसा देकर तीन लाख 90 हजार रुपये ठगने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें एक आरोपी गुरुहरसहाए से शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के पूर्व विधायक परमजीत सिंह का पोता है। थाना वैरोके में मामला दर्ज किया गया है।
दूले के नत्थू वाला निवासी सुच्चा सिंह पुलिस को शिकायत दी है कि वह और महिंदर सिंह निवासी दूले के नत्थू वाला, जोगिन्द्र सिंह, सुलक्खन सिंह निवासी मिड्ढा पंजाब होमगार्ड में कई साल पहले भर्ती हुए थे लेकिन घरेलू कारणों के चलते नौकरी छोड़ दी थी। साल 2020 में बच्चन सिंह निवासी नत्थू दूलेके ने अपने रिश्तेदार सुच्चा सिंह को बताया कि किसी कारण होमगार्ड की नौकरी छोड़ने वालों को पंजाब सरकार दोबारा भर्ती कर रही है।
उसकी रमनदीप सिंह संधू निवासी लधूवाला उताड़ से जान-पहचान है। वह पूर्व विधायक परमजीत सिंह का पोता है। वह उनका काम कर सकता है। इस पर सभी साथी सहमत हो गए। इसके बाद बच्चन सिंह अपने साथ सुच्चा सिंह और जोगिन्द्र सिंह को लेकर रमनदीप सिंह संधू के पास पहुंचा। जहां उनकी रमनदीप सिंह संधू से मुलाकात हुई।
संधू ने कहा कि आपका काम हो जाएगा लेकिन आठ लाख रुपये लगेंगे। आधे रुपये पहले देने पड़ेंगे और बाकी काम होने के बाद। सुलक्खन सिंह ने अपने बैंक खाते से एक लाख रुपये निकलवाए, महिंदर सिंह ने अपने रिश्तेदार से एक लाख रुपये का इंतजाम किया, सुच्चा सिंह ने अपने रिश्तेदार से 90 हजार रुपये और जोगिन्द्र सिंह ने आढ़ती से रुपये लेकर कुल रकम तीन लाख 90 हजार रुपये रमनदीप सिंह संधू के घर पहुंचकर सौंपे। कुछ समय बाद जब रमनदीप सिंह संधू ने नौकरी नहीं दिलवाई तो उन्होंने बच्चन सिंह व रमनदीप पर दबाव बनाया तो वह टालमटोल करते रहे और बाद में पैसे देने से इन्कार कर दिया। पुलिस ने इस संबंध में बच्चन सिंह और रमनदीप सिंह संधू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
