कुल्लू, ब्यूरो: हिमाचल के मणिकर्ण में पंजाब के कुछ युवकों ने जमकर गुंडागर्दी मचाई। मणिकर्ण गुरुद्वारे में माथा टेकने पहुंचे इन युवकों ने रातभर बाजार में हुड़दंग मचाया। बाजार में घूम रहे लोकल हिमाचली लोगों से मारपीट करने के अलावा इन युवकों ने घरों पर पत्थर बरसाए। उन्होंने बाजार में खड़ी दो दर्जन गाड़ियों के शीशे तोड़ डाले। युवक लगभग दो घंटे तक बाजार में उत्पात मचाते रहे।
मिली जानकारी के अनुसार, पंजाब से युवकों का एक ग्रुप मणिकर्ण आया था। रविवार रात 12 बजे अचानक इस ग्रुप के लोग पुल पर जमा हुए और हुड़दंग मचाते हुए मार्केट में पहुंच गए। इन युवकों में से कुछ ने खालिस्तान लिखे हुए झंडे उठा रखे थे। मणिकर्ण बाजार में युवक जबरन एक ढाबे में घुस गए और वहां बैठे लोगों से मारपीट करने लगे।
युवकों के हुड़दंग के कई वीडियो सामने आए हैं। हाथों में डंडे लिए ये युवक रास्ते में नजर आने वाले हर शख्स से मारपीट करने लगे। इसमें पांच लोगों को चोटें आईं। इनमें से एक को कुल्लू क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मणिकर्ण में हुई घटना से उपजे विवाद के बीच हिमाचल और पंजाब पुलिस ने एहतियात बरतते हुए दोनों राज्यों के बॉर्डर सील कर दिए। पंजाब के आनंदपुर साहिब में सोमवार से होला महल्ला और हिमाचल के ऊना में सोमवार से बाबा बड़भाग सिंह का मेला शुरू हुआ है। ऐसे में ऊना जिले में पंजाब से लगते एंट्री प्वाइंट पर रैपिड एक्शन फोर्स तैनात की गई है। ऊना के ASP प्रवीण कुमार धीमान ने बताया कि थाना पुलिस रैपिड एक्शन फोर्स को रुटीन में असिस्ट कर रही है।
महिलाओं के वीडियो बनाने से रोकने पर भड़के
मणिकर्ण के देवेंद्र शर्मा, रीना ठाकुर और अन्य लोगों ने बताया कि रविवार शाम को मणिकर्ण में फागली उत्सव (स्थानीय पर्व) मनाया जा रहा था। इसमें स्थानीय महिलाएं और लड़कियां पारंपरिक डांस कर रही थीं। उसी समय पंजाब के कुछ युवक वहां घुस आए और महिलाओं व लड़कियों के नजदीक जाकर वीडियो बनाने लगे। माहौल खराब न हो, इसलिए स्थानीय लोगों ने इन युवकों को वीडियो बनाने से रोक दिया। उसके बाद युवक वहां से चले गए।
