शिमला/सोलन: सुरेंद्र राणा: अदाणी सीमेंट कंपनी एसीसी और अंबुजा के बाद अब अल्ट्राटेक कंपनी भी सीमेंट ढुलाई मालभाड़ा कम करेगी। कंपनी ने हाल ही में 13 पैसे बढ़ाकर 10.71 रुपये प्रति मीट्रिक टन प्रति किलोमीटर मालभाड़ा किया था, जिससे ट्रक ऑपरेटर खुश थे।
अब अदाणी कंपनी के नए किराये के बाद अल्ट्राटेक कंपनी भी 41 पैसे मालभाड़ा कम करने जा रही है। इसका फैसला 27 फरवरी को होगा। अल्ट्राटेक कंपनी भी अब अदाणी कंपनी की तरह ही 10.30 रुपये मालभाड़ा देगी। इससे अल्ट्राटेक सीमेंट ढुलाई करने वाले 3,500 ट्रक ऑपरेटरों को नुकसान होगा।
करीब तीन घंटे तक अल्ट्राटेक प्रबंधन और अल्ट्राटेक परिवहन सभाएं समन्वय समिति के पदाधिकारियों के बीच मालभाड़े को लेकर बैठक में मंथन हुआ। ऑपरेटरों ने अपना पक्ष रखा कि मालभाड़ा कम नहीं होना चाहिए, लेकिन अल्ट्राटेक प्रबंधन ने कहा कि वे अदाणी कंपनी की नीति ही लागू करेंगे। हालांकि इस बैठक में कोई फैसला नहीं हुआ, लेकिन अब 27 फरवरी को होने वाली बैठक में इस पर अंतिम मुहर लगने की संभावना है।
