मुख्यमंत्री पद पर रार, प्रतिभा समर्थकों ने हंगामा कर रोके केंद्रीय नेताओं के वाहन

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा: प्रदेश में मुख्यमंत्री पद पर रार के बीच कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के समर्थकों ने शुक्रवार को राजधानी शिमला में हंगामा कर केंद्रीय नेताओं के वाहन रोक दिए। चौड़ा मैदान में चुनाव पर्यवेक्षकों की गाड़ियों के आगे खड़े होकर समर्थकों ने सांसद एवं पार्टी प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह को मुख्यमंत्री बनाने की नारेबाजी की।

कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन और हॉलीलॉज में भी सैकड़ों समर्थकों ने नारेबाजी कर प्रतिभा को मुख्यमंत्री बनाने की मांग की।

शुक्रवार दोपहर बाद चुनाव पर्यवेक्षक भूपेश बघेल, भूपेंद्र सिंह हुड्डा और राजीव शुक्ला चौड़ा मैदान स्थित होटल से निकलकर राजभवन जाने लगे तो प्रतिभा के समर्थक उनकी गाड़ियों के आगे खड़े हो गए। उन्होंने प्रतिभा को मुख्यमंत्री बनाने को लेकर नारेबाजी की। समर्थकों ने जब तक सूरज चांद रहेगा, वीरभद्र सिंह का नाम रहेगा और हमारा मुख्यमंत्री कैसा हो, प्रतिभा सिंह जैसा हो के नारे लगाए।

समर्थकों को काबू करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। कुछ समय के लिए चौड़ा मैदान में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। उधर, हॉलीलॉज में भी सुबह से जुट रहे समर्थकों ने प्रतिभा सिंह के पक्ष में नारेबाजी की। दोपहर बाद विधायक दल की बैठक की जानकारी मिलते ही समर्थक राजीव भवन के बाहर एकत्रित हो गए। वहाँ भी प्रतिभा सिंह को सीएम बनाने को लेकर जमकर नारेबाजी की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *