पंजाब दस्तक, सुरेंद्र राणा: पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा है कि राज्य में भय और दहशत का माहौल है। लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और लोगों ने राज्य से बाहर जाना शुरू कर दिया है। पंजाब कांग्रेस भवन में शुक्रवार को एक प्रेस वार्ता में राजा वड़िंग ने गैंगस्टरों की ऐसी कई घटनाओं का जिक्र किया, जिसमें रंगदारी न देने या विरोध करने में उनकी हत्या कर दी गई।
उन्होंने कहा कि इससे पहले पंजाब में ऐसा कभी नहीं हुआ था और अब राज्य में गैंगस्टरों का बोलबाला है। लोगों में डर का स्तर इतना अधिक है कि लोग राज्य ही नहीं देश से बाहर जाने लगे हैं। पंजाब से नए पासपोर्ट और उन्हें रिन्यू करने के आवेदन सबसे ज्यादा हैं। लोग यहां बने हालात के चलते राज्य को छोड़ना चाह रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आम आदमी पार्टी सरकार पर अपनी प्राथमिकताओं को तय करने में विफल रहने का आरोप लगाया और कहा कि आप ने पंजाब के संसाधनों को गुजरात और हिमाचल प्रदेश में बर्बाद किया। इसके बावजूद उसे दोनों राज्यों में नकार दिया गया। उन्होंने आप नेतृत्व पर कटाक्ष करते हुए सवाल किया कि आप के दिल्ली और पंजाब मॉडलों से हिमाचल और गुजरात में क्या हुआ? उन्होंने पंजाब की आप सरकार द्वारा गुजरात चुनाव में किए गए भारी खर्च की जानकारी भी दी।
राजा वड़िंग ने आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल पर भाजपा के लिए काम करने का आरोप दोहराते हुए कहा कि आपने जानबूझकर सरकार विरोधी वोटों को बांटने का काम किया जबकि हिमाचल में आप नहीं दिखी और कांग्रेस ने राज्य में जीत का परचम लहराया।
