शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल में कांग्रेस सरकार के तीन साल पूरे होने पर गुरुवार को मंडी में होने वाले जन संकल्प सम्मेलन में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह अपने तीन साल की उपलब्धियों के साथ अगले दो साल की कार्य योजना लोगों के सामने रखेंगे। मुख्यमंत्री आपदा प्रभावितों को 63 करोड़ रुपए की राहत राशि भी बाटेंगे। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के गृह जिला में हो रहे इस आयोजन को सरकार और कांग्रेस पार्टी के लिए महत्त्वपूर्ण माना जा रहा है। जनसंकल्प सम्मेलन की सारी तैयारियां पूरी हैं और शीर्ष नेताओं ने छोटी काशी में डेरा भी डाल लिया है। मुख्यमंत्री कई अन्य योजनाओं को भी लांच करने की तैयारी भी कर चुके हैं। आपदा प्रभावितों के अलावा पिछले तीन वर्ष के मेधावी छात्रों को भी सरकार सम्मानित करेगी। 2023-24 और 25 के करीब दस हजार छात्रों के लैपटॉप के लिए वाउचर भी वितरित किए जाएंगे। कामगार कल्याण बोर्ड के तहत पंजीकृत चार हजार श्रमिकों को 15 करोड़ की राशि बांटी जाएगी। राज्य की 19 एकल, विधवा एवं दिव्यांग महिलाओं को एक-एक लाख रुपए की राशि दी जाएगी। सरकार ने बेहतरीन व्यवस्था के लिए इससे पहले हुए कार्यक्रमों में बिलासपुर, कुल्लू और मंडी के तीन जिलों के प्रभावितों को राहत राशि दी थी। इसी कड़ी में अब शेष नौ जिलों में 51 करोड़ बांटे जाएंगे।
इसमें पूरी तरह घर के तबाह होने पर चार लाख रुपए की पहली किस्त का चेक दिया जाएगा। पहले आपदा राहत की पहली किस्त में 1.30 लाख रुपए दिए जाते थे। अब सरकार ने कुल पैकेज आठ लाख रुपए का कर दिया है, इसलिए पहली किस्त में चार लाख दिए जा रहे हैं। पूरे प्रदेश से लाभार्थी भी इस रैली में लाए जा रहे हैं। इसके लिए एचआरटीसी की एक हजार से ज्यादा बसें लोगों को पहुंचाएंगी। इसी कार्यक्रम में कबड्डी वल्र्ड कप जीतने वाली प्रदेश की लड़कियों को भी सम्मानित किया जाएगा। जन संकल्प रैली के लिए हिमाचल कांग्रेस प्रभारी एवं सांसद रजनी पाटिल मंडी पहुंच गई हैं।
