नेता प्रतिपक्ष पर कांग्रेस की बयानबाजी के बाद भड़की भाजपा, बोले- कौल सिंह को ले लेना चाहिए राजनीति से संन्यास।

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल प्रदेश आपदा से जूझ रहा है। प्रदेश के कई इलाकों में लगातार हो रही बारिश की वजह से तबाही का मंजर जारी है। इस बीच आपदा पर प्रदेश की राजनीतिक बयानबाजी भी चरम पर है। हिमाचल भाजपा मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा का कहना है कि कांग्रेस नेता सुंदर सिंह और कौल सिंह ठाकुर को सोच समझ के बयानबाजी करनी चाहिए।

उन्होंने जिस प्रकार से नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के ऊपर टिप्पणी की है, वह निंदनीय है। जो व्यक्ति आपदा के संकट में जन सेवा के कार्य में दिन-रात लगा है, उस पर इस प्रकार के आरोप लगाना अशोभनीय है। उन्होंने कहा लगता है कांग्रेस नेता कौल सिंह ठाकुर वरिष्ठ तो हैं ही, पर उनकी राजनीतिक समझ खत्म हो गई हैं उनको राजनीतिक संन्यास ले लेना चाहिए।

भारतीय जनता पार्टी के मीडिया प्रभारी ने बीते दिनों कांग्रेस नेता कौल सिंह ठाकुर और सुंदर सिंह ठाकुर की नेता प्रतिपक्ष पर बयानबाजी पर पलटवार करते हुए कहा कि इस आपदा की घड़ी में राजनीति कौन कर रहा है, वह जगजाहिर है।

कांग्रेस नेता लगातार भाजपा के ऊपर टिप्पणियां कर जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। पहले दिन से ही भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश संगठन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल और समस्त नेताओं के नेतृत्व में नेता कार्यकर्ता धरातल पर जाकर सेवा कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र आपदा को लेकर 361 करोड़ रुपए की राशि हिमाचल प्रदेश को दे चुका है, यह इस कांग्रेस सरकार को दिखता नहीं है। उन्होंने कांग्रेस के नेताओं को नसीहत दी कि जनता को गुमराह करने की कोशिश न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *