कांगड़ा, ओमांश: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि वर्तमान वैश्विक संकट से पूर्व ही हिमाचल सरकार ने अपने खर्चों में कटौती कर दी थी। यहां चुनावी जनसभाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन और खर्चे कम करने की अपील सार्थक है, परंतु हिमाचल सरकार तो बहुत पहले ही इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग करने के साथ-साथ आज जनता को भी प्रेरित कर रही है। उन्होंने कहा कि वह खुद हर दिन इलेक्ट्रिक कार का उपयोग करते हैं, हालांकि यह छोटी सी है, परंतु पसंदीदा बन गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निगम, नगर निकाय तथा पंचायती चुनावों में कांग्रेस प्रदेश भर में जीत की ओर अग्रसर हो रही है। सीएम सुक्खू ने दावा किया कि प्रदेशभर में कांग्रेस नगर निकाय और पंचायत चुनावों में जीत दर्ज कर रही है तथा पालमपुर नगर निगम में इस बार कांग्रेस सभी 15 सीटों पर विजय हासिल करेगी। सभी पार्षदों के जीतने पर हर एक वार्ड को एक एक करोड़ रुपए दिया जाएगा। सीएम ने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार ने जनता से छल कपट कर प्रदेश को कर्ज में डुबो दिया था। कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही फिजूलखर्ची पर रोक लगाई है। पैसे की कोई कमी नहीं है। व्यवस्थाओं के तहत सबको उनके हक दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधायक आशीष के नेतृत्व में पालमपुर में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार पर प्रदेश को भारी कर्ज में छोडऩे का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने वित्तीय चुनौतियों के बावजूद शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में बड़े बदलाव किए हैं।उन्होंने बताया कि प्रदेश में डेढ़ सौ सीबीएसई स्कूल खोले जा रहे हैं तथा सरकारी स्कूलों में आधुनिक सुविधाएं, योग, संगीत और संस्कृत शिक्षकों की नियुक्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित परिवारों के लिए सरकार ने विशेष राहत पैकेज दिया है और अनाथ बच्चों के लिए ‘मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना’ लागू कर सरकार अभिभावक की भूमिका निभा रही है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनरों के लंबित एरियर का भुगतान भी किया है। पालमपुर के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशिक्षण केंद्र को पालमपुर लाया जा रहा है, कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार पर कार्य चल रहा है तथा भविष्य में हेलिकॉप्टर सेवा भी शुरू की जाएगी। इसके अलावा पार्किंग, इंडोर स्टेडियम, वाटर सप्लाई और लाइब्रेरी जैसी परियोजनाओं पर करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं। इस अवसर पर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय शर्मा, मंत्री राजेश धर्माणी, यादवेंद्र गोमा, प्रदेश सीएम के आईटी सलाहकार गोकुल बुटेल, विधायक भवानी पठानिया, पूर्व विस अध्यक्ष बीबीएल बुटेल, मंडल के पदाधिकारी सहित कई नेता मौजूद रहे।
