मोहाली, सुरेन्द्र राणा: मोहाली फेज-7 स्थित ब्रह्माकुमारीज़ सुखशांति भवन में आज एक भव्य पारिवारिक और मित्रों की रिट्रीट आयोजित हुई, जिसमें “हार्मोनियस रिलेशनशिप्स, होलिस्टिक हेल्थ और राजयोग ध्यान द्वारा तनाव मुक्ति” विषय पर सारगर्भित चर्चा हुई। कार्यक्रम में लगभग 400 लोगों ने भाग लिया।कार्यक्रम की अध्यक्षता बी.के. प्रेमलता बहन (राजयोग सेंटर, मोहाली-रोपड़ सर्कल इंचार्ज) ने की। उन्होंने कहा कि आज रिश्तों में दरारें स्नेह की कमी और स्वार्थ के कारण बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा, “संबंधों को सहेजने के लिए स्नेह, सहानुभूति और सकारात्मक दृष्टिकोण आवश्यक है। कम बोलना, ज्यादा सुनना और हर व्यक्ति की विशेषता को महत्व देना ही रिश्तों की मजबूती का आधार है।
”प्रेमलता बहन ने सभी को राजयोग मेडिटेशन की सुंदर कमेंट्री करवाई, जिससे उपस्थित लोगों ने गहरी शांति और आत्मिक सुकून का अनुभव किया।मुख्य अतिथि फिल्म अभिनेता और टीवी हस्ती डॉ. रंजीत रियाज शर्मा ने कहा कि हर रिश्ते में ईमानदारी, मिठास और सम्मान जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखने और भावनाओं को समझने से रिश्ते और मजबूत होते हैं।एयरो सिटी मोहाली की राजयोग शिक्षिका बी.के. मीना ने कहा कि आज घर बड़े हो गए हैं पर दिल छोटे होते जा रहे हैं, जबकि पहले घर छोटे थे और दिल बड़े। उन्होंने कहा कि समझ, धैर्य और प्रेम से रिश्तों में मधुरता बनी रहती है।डॉ. संध्या (एमबीबीएस, एमडी) ने होलिस्टिक हेल्थ के चार आयाम — शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य — पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इन चारों को संतुलित रखकर ही जीवन तनावमुक्त और खुशहाल बनाया जा सकता है।कार्यक्रम में बी.के. अदिति ने एक जोयफुल एक्टिविटी करवाई जिसमें सभी ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में कुमारी नव्या ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया, बच्चों ने शुकराना गीत पर सुंदर नृत्य किया और बी.के. प्रवीण भाई ने एक प्रेरक दिव्य गीत सुनाकर वातावरण को आध्यात्मिकता से भर दिया। कार्यक्रम का समापन पंजाबी भंगड़ा के साथ हुआ, जिसने पूरे माहौल में ऊर्जा भर दी।अंत में बी.के. प्रेमलता ने घोषणा की कि 3 नवंबर से सुखशांति भवन में सात दिन का राजयोग मेडिटेशन कोर्स आरंभ होगा। यह कोर्स सुबह 7 से 8, दोपहर 11 से 12 और शाम 6 से 7 बजे तक चलेगा। सभी उम्र के लोगों के लिए यह कोर्स नि:शुल्क रहेगा।
