सीएम सुक्खू को 5 करोड़ का मानहानि का लीगल नोटिस जानिए किसने दिया

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को कांग्रेस के धर्मशाला से बागी एवं पूर्व विधायक सुधीर शर्मा ने मानहानि का नोटिस दिया है। मुख्यमंत्री को यह नोटिस एडवोकेट अमर विवेक अग्रवाल के के माध्यम से भेजा गया है। नोटिस में 5 करोड़ रुपए की मानहानि का क्लेम किया गया है। साथ ही कानूनी कार्रवाई के लिए 55 हजार रुपए का अतिरिक्त भुगतान करने कहा गया है।

दरअसल, मुख्यमंत्री सुक्खू ने पिछले कल ही ऊना जिला के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में जनसभा में कहा था कि, कांग्रेस के बागी विधायक 15-15 करोड़ रुपए में बिके हैं। उनके पास इसके प्रूफ भी हैं। उन्होंने कहा था कि, जो लोग आपकी भावना बेचकर जाते हैं, आपकी विधायकी नीलाम करते हैं, ऐसे लोगों को सबक सिखाने का वक्त आ गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा था कि, ‘बागी विधायकों ने अपना ईमान बेचा है। ये सब जेल की सलाखों के पीछे जाएंगे। इनकी भ्रष्टाचार से की हुई कमाई जनता की है और जनता में बंटनी चाहिए। जो लोग 14 महीने में ही बिक गए, वह किसी भी पार्टी से चुनाव लड़ें, उनकी जमानत जब्त करा देंगे। राजनीति से ऐसी गंदगी वोट देकर साफ करने की जरूरत है। वहीं मुख्यमंत्री सुक्खू ने आज फिर से नादौन में बागी पूर्व विधायकों पर तीखा हमला बोला।

इस पर सुधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री को लीगल नोटिस जारी कर दिया है। सुधीर शर्मा ने एक मीडिया बयान में कहा कि, मुख्यमंत्री का 15-15 करोड़ में बिकने का बयान हास्यास्पद है। मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि उनके पास इसके सबूत है। यदि सबूत है तो उन्हें जनता के सामने रखा जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बौखलाहट में ऐसी बात कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अदालत में जवाब देना होगा। उन्हें युवा कांग्रेस के प्रधान की तरह ऐसी बातें करना शोभा नहीं देता। अब वह मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंच गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *