बिलासपुर, सुरेंद्र राणा:अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बिलासपुर के तीसरे स्थापना दिवस समारोह बतौर मुख्यातिथि पहुंचे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने हिमाचल प्रदेश के लिए स्वास्थ्य योजनाओं के कार्यान्वयन के लिए 123 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि स्वीकृत की। इस समारोह की अध्यक्षता प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने की। एम्स के सभागार में आयोजित समारोह का शुभारंभ जेपी नड्डा ने दीप प्रज्जवलित करके किया और कर्नल धनीराम शांडिल को विजयदशमी व दशहरा पर्व की सौगात देते हुए ऐलान किया कि 123 करोड़ रुपए की यह अतिरिक्त राशि उन्होंने विजयपुर से समारोह के लिए रवाना होने से पहले स्वीकृत की है।हिमाचल के लिए स्वीकृत 123 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि में से 73.13 करोड़ रुपए मातृ-शिशु विंग (एमसीएच) के लिए स्वीकृत किए गए हैं। इसके तहत हमीरपुर मेडिकल कालेज को 34 करोड़, नाहन को 11 करोड़, बिलासपुर को 4.5 करोड़, कांगड़ा के नूरपुर को तीन करोड़, मंडी को 1.65 करोड़ तथा ऊना मेडिकल कालेज को एक करोड़ रुपए की राशि दी जाएगी। इसके अतिरिक्त जिन मेडिकल कालेजों में मातृ-शिशु विंग का निर्माण हो चुका है, वहां उपकरणों के लिए 18 करोड़ रुपए और लक्ष्य (प्रसव कक्ष गुणवत्ता सुधार) के लिए 32 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। केंद्रीय मंत्री नड्डा ने अपने संबोधन में कहा कि बिलासपुर एम्स का निर्माण मात्र तीन वर्षों के रिकार्ड समय में पूरा हुआ और इसे हिमाचल की जनता को समर्पित करना उनके लिए व्यक्तिगत संतोष और सपना पूरा होने जैसा है।उन्होंने कहा कि बिलासपुर एम्स ने बहुत कम समय में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। यहां अब तक 8 गुर्दा प्रत्यारोपण (किडनी ट्रांसप्लांट) सफलतापूर्वक किए जा चुके हैं तथा क्षेत्रीय स्तर की विषाणु अनुसंधान प्रयोगशाला भी शुरू हो चुकी है। यहां अब तक हिमकेयर और आयुष्मान भारत योजनाओं के तहत 20,000 से अधिक रोगियों का नि:शुल्क उपचार किया जा चुका है। एम्स बिलासपुर से प्रदेशवासियों को चंडीगढ़ और दिल्ली जैसे बड़े अस्पतालों के चक्कर काटने से राहत मिली है। रोगियों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए 250 बिस्तरों वाला विश्राम सदन बनाया गया है और जल्द ही इतनी क्षमता के बिस्तरों का एक और विश्राम सदन समाजसेवी संस्था के सहयोग से तैयार किया जाएगा। साथ ही एम्स परिसर में पांच करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक इनडोर स्टेडियम का निर्माण होगा तथा कर्मचारियों के बच्चों के लिए केंद्रीय विद्यालय और डीएवी स्कूल खोलने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन, एम्स बिलासपुर के अध्यक्ष प्रोफेसर डा. नरेंद्र कुमार अरोड़ा, पीएमएसएसवाई की ज्वाइंट डायरेक्टर अंकिता मिश्रा बुंदेला, कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल दलजीत सिंह, विधायक रणधीर शर्मा, विधायक जीतराम कटवाल और विधायक त्रिलोक जमवाल सहित डीसी राहुल कुमार व एसपी संदीप धवल उपस्थित रहे।
