दिल्ली महिला आयोग चेयरपर्सन को डेरे का जवाब:राम रहीम के खिलाफ साजिश रची जा रही; मालीवाल ने धमकाने का आरोप लगाया था

Spread the love

पंजाब दस्तक: डेरा सच्चा सौदा मैनेजमेंट ने दिल्ली महिला आयोग की चेयरपर्सन स्वाति मालीवाल को जवाब दिया है। डेरे का कहना है कि डेरा मुखी राम रहीम के किसी अनुयायी ने मालीवाल को धमकी नहीं दी है। कुछ लोग डेरा सच्चा सौदा और डेरा मुखी राम रहीम को बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं।

डेरा श्रद्धालुओं के किसी को धमकी देने की बात बिल्कुल गलत है। डेरा प्रेमियों ने किसी को कुछ नहीं कहा है। अगर कोई असामाजिक तत्व ऐसा कर रहे हैं तो हम प्रशासन से मांग करते हैं कि ऐसे लोगों की उच्चस्तरीय जांच करवाकर सख़्त से सख़्त कार्रवाई की जाए।

स्वाति मालीवाल ने सोशल मीडिया पर मैसेज शेयर कर आरोप लगाया था कि यह राम रहीम के अनुयायियों ने उन्हें धमकाने के लिए भेजे हैं।

डेरा प्रमुख की छवि खराब करना मकसद डेरा सच्चा सौदा के प्रवक्ता जितेंद्र खुराना का कहना है कि डेरा प्रमुख द्वारा महिला उत्थान के लिए कई कार्य किए है। वह चाहे कन्या भ्रूण हत्या को रोकना हो या फिर दहेज़ प्रथा जैसी बुराइयों को समाज से दूर भगाना हों। डेरे के श्रद्धालु कुछ ऐसा काम करना तो दूर, सोच भी नहीं सकते। यह तो असामाजिक तत्वों द्वारा डेरा व डेरा प्रमुख की छवि को ख़राब करने की साजिशें रची जा रही हैं जिसकी डेरा सच्चा सौदा घोर निंदा करता है।

स्वाति मालीवाल ने शेयर किए थे धमकी भरे मैसेज

दिल्ली महिला आयोग की चेयरपर्सन स्वाति मालीवाल ने कुछ मैसेज शेयर किए थे। जिसमें उन्होंने दावा किया कि राम रहीम की पैरोल का विरोध करने पर उसे डेरा प्रेमियों ने धमकी दी है।

मालीवाल ने कहा कि जब से राम रहीम के खिलाफ आवाज उठाई है, उसके अनुयायी कह रहे हैं बाबा से बचकर रहियो। इसके जवाब में मालीवाल ने कहा – मेरी आवाज सुन लो- मेरी रक्षा भगवान करेंगे, ऐसी धमकियों से मैं नहीं डरती, सच की आवाज उठाती रहूंगी, हिम्मत है तो सामने से आकर गोली मारो।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *