कोलकाता:पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की भारी हार के बाद पार्टी सुप्रीमो और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सख्त तेवर अपनाया है। उन्होंने पार्टी के असंतुष्ट नेताओं और कार्यकर्ताओं को साफ संदेश दिया कि जो लोग दूसरी पार्टियों में जाना चाहते हैं, उन्हें जाने दें। ममता बनर्जी ने हाल के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाग लेने वाले अपने उम्मीदवारों से पार्टी संगठन को फिर से खड़ा करने का आह्वान करते हुए कहा कि जो लोग पार्टी छोडऩा चाहते हैं, वे ऐसा करने के लिए स्वतंत्र हैं। कालीघाट में अपने आवास पर तृणमूल उम्मीदवारों के साथ हुई बैठक में उन्होंने कहा कि हाल के विधानसभा चुनाव में करारी हार के बावजूद पार्टी संगठन फिर से उठ खड़ा होगा।
बैठक में पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी भी उपस्थित थे। पार्टी सूत्रों के अनुसार ममता बनर्जी ने कहा कि जो लोग दूसरी पार्टियों में जा रहे हैं, उन्हें जाने दीजिए। मैं पार्टी को नए सिरे से खड़ा करूंगी। जो लोग पार्टी में बने रहेंगे, उनसे मैं कहती हूं कि क्षतिग्रस्त पार्टी कार्यालयों का पुनर्निर्माण कीजिए, उन्हें रंगिए और फिर से खोलिए। जरूरत पडऩे पर मैं भी उन्हें रंग दूंगी। तृणमूल कांग्रेस कभी नहीं झुकेगी। जनादेश लूटा गया है। चुनावी नतीजों में नाटकीय उलटफेर के बाद तृणमूल कांग्रेस के सत्ता गंवाने के कुछ दिनों बाद ममता बनर्जी की ये टिप्पणियां सामने आईं।कल्याण बनर्जी लोकसभा में दोबारा पार्टी के मुख्य व्हिपपश्चिम बंगाल में सत्ता गंवा चुकी तृणमूल कांग्रेस ने वफादारी और राजनीतिक ताकत को महत्त्व देने का संदेश देते हुए पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने काकोली घोष दस्तीदार को हटाकर कल्याण बनर्जी को लोकसभा में दल का मुख्य व्हिप नियुक्त किया। तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने कालीघाट स्थित आवास पर हुई बैठक के बाद कल्याण को मुख्य सचेतक बनाने की घोषणा की। उनका यह कदम पार्टी सांसदों से एकजुट रहने की अपील के बीच आया है। तृणमूल के सभी सांसद इस बैठक में मौजूद रहे।
