पंजाब दस्तक: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने आय से अधिक संपत्ति मामले में राज्य के पूर्व मंत्रियों पर शिकंजा कस दिया है। ब्यूरो की तरफ से पूर्व मंत्री गुरप्रीत सिंह कांगड़ और पूर्व सेहतमंत्री बलबीर सिंह सिद्धू को पूछताछ के लिए दोबारा तलब किया है। विजिलेंस ने कांगड़ को 31 मई और बलबीर सिंह सिद्धू को 2 जून को समन किया है। ये दोनों इस समय भाजपा के सीनियर नेताओं में शुमार हैं। ऐसे में उनसे पूछताछ को अहम माना जा रहा है।
विजिलेंस ब्यूरो गत साल के अंत से ही दोनों पूर्व मंत्रियों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में जांच कर रहा है। दोनों से एक बार पूछताछ भी हो चुकी है। कुछ समय पहले कांगड़ को विजिलेंस ब्यूरो ने तलब किया था। उस समय उन्होंने दलील थी कि उनका घुटनों का ऑपरेशन हुआ है। ऐसे में वह विजिलेंस के समक्ष पेश नहीं हो सकते हैं। उनकी तरफ से विजिलेंस को इस संबंधी सारा रिकॉर्ड भी भेजा गया था।
