शिमला, सुरेंद्र राणा: शिमला के बनाड़ी में प्रदेश की पहली टर्मिनल मंडी का निर्माण होगा। प्रदेश में पहली बार किसानों-बागवानों और अन्य लोगों को एक ही स्थान पर सब्जी मंडी, फल मंडी, अनाज मंडी, सीए स्टोर और आवासीय भवन की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
गुरुवार को बागवानी एवं राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने शोघी-मैहली बाईपास पर आनंदपुर पंचायत के तहत बनाड़ी में टर्मिनल मंडी के लिए प्रस्तावित 218 बीघा प्रस्तावित साइट का निरीक्षण किया। इस दौरान एपीएमसी के सचिव देवराज कश्यप भी मौजूद रहे। मंत्री ने बताया कि शिमला की भट्ठाकुफर फल मंडी में जगह बेहद तंग है।
भूस्खलन के कारण पिछले तीन साल से यहां कारोबार प्रभावित हो रहा है। मुख्यमंत्री की सहमति से मंडी को शहर से बाहर शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया है। कैथलीघाट-ढली फोरलेन के साथ प्रदेश की पहली टर्मिनल मंडी का निर्माण होगा।