मोहाली में केमिकल फैक्ट्री में आग, 8 झुलसे: एक घंटे बाद पाया था काबू, लेकिन तेज हवा से दोबारा भड़की, चंडीगढ़ से बुलाए फायर टेंडर

Spread the love

मोहाली, सुरेंद्र राणा: मोहाली के कुराली में बुधवार को फोकल पॉइंट स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में आग लग गई। जिसमें करीब 5 महिलाओं समेत 8 लोग बुरी तरह से झुलस गए हैं। इनमें से 2 महिलाओं को मोहाली से चंडीगढ़ रेफर किया गया है। जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है। मौके पर मोहाली के अलावा रोपड़ की हेल्थ टीमों को भेजा गया।

थोड़ी देर पहले एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया था, लेकिन तेज हवा चलने के कारण एक बार फिर से फैक्ट्री के अंदर से तेज धुआं और आग की लपटें निकल रही हैं। मोहाली प्रशासन की तरफ से फैक्ट्री के आसपास बने घरों में रहने वाले लोगों को भी वहां से बाहर निकाल दिया है।

आग के हालात को देखते हुए मोहाली प्रशासन ने अब चंडीगढ़ से मदद मांगी है।चंडीगढ़ से फोम वाले फायर टेंडर बुलाए गए हैं, ताकि केमिकल में लगी आग पर काबू पाया जा सके।

इससे पहले आग लगते ही पूरे आसमान में धुएं का गुबार छा गया। आग बुझाने के लिए करीब 24 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची। फैक्ट्री के अंदर कई धमाके हुए। वहीं आसपास के इलाके में आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ होने लगी।

हलका खरड़ विधायक और पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री अनमोल गगन मान ने घटना पर जाकर मौके का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर अधिकारियों को जल्द से आग पर काबू पाने के लिए ज्यादा से ज्यादा प्रयास करने के निर्देश दिए। साथ ही घटना के कारणों की जांच करने के आदेश दिए हैं। घटनास्थल पर मोहाली की डीसी आशिका जैन भी पहुंची।

जिस समय आग लगी उस समय फैक्ट्री के अंदर करीब 25 कर्मचारी काम कर रहे थे। जिस जगह पर आग लगी थी, वहां पर 5 से 7 लोग मौजूद थे। उन्हें फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने आकर बाहर निकाला था। वही इस हादसे में सबसे ज्यादा झुलसे हैं। बाकी सभी कर्मचारी धमाके की आवाज सुनकर तुरंत बाहर भाग गए थे।

तारपीन के तेल से हुआ हादसा

घटना के बाद मौके पर मौजूद कुछ कर्मचारियों ने बताया कि फैक्ट्री में एक्सपायरी डेट का तारपीन का तेल रखा हुआ था। जब कुछ कर्मचारी उस तेल को ड्रम में डालने लगे तो उसमें अचानक से धमाका हो गया। इसके कारण पूरी फैक्ट्री में आग लग गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *