पंजाब के 710 पटवारियों को आज मिलेंगे नियुक्ति पत्र:मुख्यमंत्री भगवंत मान सौपेंगे लेटर; पटवार सर्कल में किए जाएंगे नियुक्त

Spread the love

पंजाब दस्तक, सुरेंद्र राणा: पंजाब सरकार और पटवारियों-कानूनगो के बीच कई दिन से विवाद चल रहा है। लेकिन इससे पंजाबी नौजवानों के लिए रोजगार का रास्ता जरूर खुल गया। मुख्यमंत्री भगवंत मान आज टेस्ट पास करने वाले 710 पटवारियों को नियुक्ति पत्र देंगे।

मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा नवनियुक्त पटवारियों को नियुक्ति पत्र देने का यह प्रोग्राम चंडीगढ़ स्थित टैगोर थियेटर में सुबह 11 बजे है। इस संबंध में मुख्यमंत्री दो दिन पहले ट्वीट कर जानकारी दे चुके हैं। उन्होंने 710 पटवारियों को नियुक्ति पत्र देने के संदेश के अलावा पटवारियों की नई भर्ती के लिए भी जल्द विज्ञापन जारी किए जाने की बात कही है।

CM ने अपने ट्वीट में पटवारियों पर तंज कसते हुए लिखा, उम्मीद है कि नए हाथों में नई कलम थमाई जाएगी, वे भ्रष्टाचार मुक्त नए समाज का सृजन करेंगे। उन्होंने कहा कि लोगों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।

पहले 741 अंडर ट्रेनिंग पटवारियों को फील्ड में उतारा

पंजाब सरकार ने बीते दिनों पटवारियों की कलम छोड़ हड़ताल खत्म करने के लिए राज्य में ESMA एक्ट लागू किया। इससे रोष व्याप्त पटवारियों ने अपने सर्कल के अलावा अतिरिक्त सर्कल में काम नहीं करने का ऐलान किया। सरकार पर दबाव बनाने के लिए ऐसा किया गया। लेकिन पंजाब सरकार ने भी अंडर ट्रेनिंग पटवारियों को नियुक्ति पत्र देकर ड्यूटी पर लाने और जल्द नई भर्ती का ऐलान कर दिया।

पंजाब सरकार ने पटवारियों के दबाव के आगे झुकने व बातचीत के रास्ते मामला सुलझाने के बजाय 741 ट्रेनी पटवारियों को फील्ड में उतार दिया है। इसकी जानकारी खुद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लाइव होकर दी। उन्होंने कहा कि 741 अंडर ट्रेनिंग पटवारियों के 15 महीने पूरे हो गए हैं। 18 महीने की ट्रेनिंग होती है, लेकिन शेष 3 महीने पहले उन्हें पटवार सर्कल में लगाया जाएगा।

586 पटवारियों की नई पोस्टें निकाली जाएंगी

CM भगवंत मान के आदेश के बाद पंजाब गृह विभाग ने 710 नए पटवारियों की वेरिफेकेशन व अन्य औपचारिकताएं पूरी कर दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके अतिरिक्त 586 पटवारियों की नई पोस्टें जल्द निकाली जा रही हैं और इसका विज्ञापन भी जल्द जारी किया जा रहा है। पंजाब सरकार ने इन पोस्टों को हरी झंडी देते हुए संबंधित विभाग को इनकी प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित करने के आदेश दे दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *