दुखद: आनी में पहाड़ी से पत्थर गिरने से मां-बेटे की मौत, बखनाओं की पुनण खड्ड के पास पैदल घर जा रहे थे अभागे

Spread the love

पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने के चलते सडक़ पर चल रहे मां और बेटे की मौत हो गई। यह हादसा आनी की बखनाओं पंचायत के पुनण खड्ड के समीप हुआ। घटना की पुष्टि करते हुए डीएसपी आनी चंद्रशेखर कायथ ने बताया कि मृतकों की पहचान रवीना 30 वर्ष पत्नी विपन कुमार और उसके 14 वर्षीय बेटे सुजल नेगी पुत्र विपन कुमार निवासी काथला के रूप में हुई है। घटना शाम करीब चार बजे के समय की है, जब दोनों अभागे मां-बेटा चवाई से अपने घर की ओर पुनण तक एक टैक्सी में निकले थे। पुनण से करीब 200 मीटर पैदल जाने के बाद इन्होंने काथला अपने घर जाना था, लेकिन जैसे ही दोनों पैदल जा रहे थे कि पुनण के समीप ही अचानक पहाड़ी से पत्थर उन दोनों के ऊपर गिरे और दोनों ने दम तोड़ दिया।

बखनाओं पंचायत के प्रधान अमित कुमार ने बताया कि रवीना उनकी पंचायत के काथला वार्ड सदस्य भी थीं। वहीं एसडीएम लक्ष्मण सिंह कनेट ने बताया कि दोनों मृतकों के शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल आनी पोस्टमार्टम के लिए लाया है। जहां पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को प्रशासन की ओर से फौरी राहत के तौर पर 25-25 हजार रुपए की धनराशि दी जाएगी। इस घटना पर आनी के विधायक लोकेंद्र सिंह ने गहरा दु:ख प्रकट करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *