आत्मनिर्भर भारत की गूंज विश्व मंच तक,मोदी सरकार के 11 साल संकल्प से सिद्धि के: संजय सेठ रक्षा राज्य मंत्री

Spread the love

शिमला, सुरेन्द्र राणा; केंद्र में भाजपा सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शिमला पहुंचे रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने सरकार की उपलब्धियों को देश के स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता की मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि इन 11 वर्षों में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी अलग पहचान बनाई है। आज का भारत न किसी से डरता है और न ही झुकता है।

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि कोविड-19 जैसे वैश्विक संकट में भारत ने अपनी वैज्ञानिक क्षमता का परिचय देते हुए न केवल देश की 140 करोड़ आबादी को वैक्सीन उपलब्ध करवाई बल्कि 118 अन्य देशों को भी वैक्सीन देकर मानवता का परिचय दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के नागरिकों से मोटा अनाज (मिलेट) अपनाने की अपील की, जिसके बाद न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया में इसका चलन बढ़ा और देश का किसान आत्मनिर्भर बन सका। कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान भारत ने ऑपरेशन गंगा चलाकर 23 हजार भारतीय छात्रों को सुरक्षित वापस लाया, जिसमें अन्य देशों के छात्र भी शामिल थे। तिरंगे के सम्मान और भारत की ताकत का यह अद्वितीय उदाहरण था।

उन्होंने पहलगांव आतंकी हमले का ज़िक्र करते हुए कहा कि भारत ने पहली बार किसी परमाणु संपन्न देश पर संयोजित हमला कर जवाब दिया और मात्र 23 मिनट में आतंकियों को ढेर कर दिया। आज आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति स्पष्ट है अब किसी भी आतंकी घटना को युद्ध माना जाएगा और आतंकियों को पनाह देने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। मंत्री ने कहा कि आज देश की बेटियां भी सीमा पर हथियार उठा रही हैं। सैनिक स्कूलों में बेटियों के लिए प्रवेश की व्यवस्था कर दी गई है। देश का रक्षा बजट आज 6.81 लाख करोड़ पहुंच चुका है, जो 2014 से पहले केवल 2.51 लाख करोड़ था। आज भारत 92 देशों को रक्षा उपकरण निर्यात कर रहा है, जबकि एक समय था जब भारत बुलेट प्रूफ जैकेट तक आयात करता था। उन्होंने बताया कि चंद्रयान की सफलता ने भारत को अंतरिक्ष विज्ञान में अग्रणी देशों की श्रेणी में खड़ा कर दिया है। भारत आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता बन गया है। देश में 140 करोड़ की जनसंख्या में से 116 करोड़ लोग मोबाइल धारक हैं।
उन्होंने कहा कि अब पंचवर्षीय योजनाओं की जगह भारत आने वाले 25 वर्षों की दीर्घकालिक योजनाओं पर काम कर रहा है ताकि 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाया जा सके। मंत्री ने बताया कि बीते वर्षों में देश के 27 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। भारत आज डिजिटल लेन-देन करने वाला दुनिया का सबसे बड़ा देश बन चुका है।

जापान को पीछे छोड़ते हुए भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। नक्सलवाद अब समाप्ति की कगार पर है और सीमावर्ती गांवों में अब पलायन की समस्या खत्म हो रही है क्योंकि विकास अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। मंत्री ने कहा कि धारा 370 हटाने और राम मंदिर निर्माण जैसे ऐतिहासिक निर्णयों ने भारत की सांस्कृतिक और संवैधानिक शक्ति को सशक्त किया है। कहा कि यह 11 साल केवल शासन का नहीं, बल्कि भारत के आत्मबल, संकल्प और सशक्तिकरण का युग रहा है। आने वाले वर्षों में भारत और अधिक ऊंचाइयों को छुएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *