पंजाब में भाजपा-अकाली दल गठबंधन 2027 को लेकर राजनीतिक चर्चा

पंजाब की सियासत में बड़ा भूचाल: गुरु नानक जयंती पर हो सकता है भाजपा-अकाली दल गठबंधन का औपचारिक ऐलान!

Spread the love

​त्रिशंकु विधानसभा के पूरे आसार, बिना भाजपा के सरकार बनना मुश्किल; सर्वे के आंकड़ों ने बढ़ाई हलचल


​चंडीगढ़ न्यूज़ रूम (सुरेंद्र राणा, ब्यूरो चीफ, पंजाब दस्तक):
पंजाब की सियासत में एक बार फिर बड़े उलटफेर की आहट सुनाई दे रही है। 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के बीच पुराना गठबंधन एक बार फिर पुनर्जीवित होने की कगार पर पहुंच गया है। राजनीतिक गलियारों से मिल रही पुख्ता खबरों के मुताबिक, दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व के बीच बातचीत अंतिम दौर में है और सब कुछ ठीक रहा तो आगामी 24 तारीख को श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व (गुरु नानक जयंती) के पावन अवसर पर इस गठबंधन का औपचारिक ऐलान किया जा सकता है।


​अमित शाह और सुखबीर बादल की मुलाकात से तेज हुई चर्चा
​कुछ दिन पहले शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के अचानक दिल्ली दौरे और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हुई उनकी गुप्त मुलाकात ने सियासी पारा चढ़ा दिया था। हालांकि उस समय आधिकारिक तौर पर कुछ सामने नहीं आया था, लेकिन अब सूत्रों के हवाले से यह बात पुख्ता हो रही है कि दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे और चुनावी रणनीति को लेकर सहमति लगभग बन चुकी है।


​बदल गया ‘बड़े भाई’ का समीकरण, 47-48 सीटों पर अड़ी भाजपा
​पंजाब की 117 सदस्यीय विधानसभा में इस बार गठबंधन का स्वरूप पहले जैसा बिल्कुल नहीं रहने वाला है। 2017 के चुनावों तक अकाली दल ‘बड़े भाई’ की भूमिका में रहते हुए 94 सीटों पर चुनाव लड़ता था, जबकि भाजपा के हिस्से केवल 23 सीटें आती थीं। लेकिन 2020 के बाद राज्य का राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदल चुका है:


​एक तरफ अकाली दल में टूट और उसका ग्राफ नीचे आने से स्थिति बदली है, वहीं दूसरी तरफ 2024 के लोकसभा चुनावों में भाजपा ने अकेले लड़ते हुए 18.5 प्रतिशत वोट हासिल कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।
​इसी बढ़े हुए आत्मविश्वास के दम पर भाजपा इस बार 117 में से 47 से 48 सीटों (यानी लगभग 50 के फेर के आसपास) की मांग कर रही है। वहीं, अकाली दल भी यह भली-भांति समझ रहा है कि मौजूदा हालात में अकेले दम पर सत्ता में वापसी असंभव है।


​डेरा ब्यास का प्रभाव और कैप्टन अमरिंदर की मौजूदगी पर सियासी कयास
​इस पूरी बिसात पर डेरा ब्यास (राधा स्वामी सत्संग ब्यास) के करीब दो करोड़ अनुयायियों और राज्य की 19 विधानसभा सीटों पर उनके प्रभाव को सभी दल बेहद अहम मान रहे हैं। दूसरी ओर, भाजपा में शामिल हुए पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की राजनीतिक सक्रियता को लेकर भी चर्चाएं हैं। हाल ही में दिल्ली में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की पुस्तक के विमोचन में कैप्टन की मौजूदगी ने सियासी गलियारों में सुगबुगाहट बढ़ाई। हालांकि, कैप्टन ने इसे विशुद्ध रूप से पुराना पारिवारिक और शिष्टाचार संबंध बताया है, लेकिन पंजाब चुनाव में उनकी साइडलाइन भूमिका को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है।


​चुनावी सर्वे और त्रिशंकु विधानसभा (Hung Assembly) के आसार
​चर्चाओं में आए हालिया सर्वे के आंकड़ों ने पंजाब के चुनावी समीकरणों को और रोचक बना दिया है:
​आम आदमी पार्टी (आप): सर्वे में सत्ताधारी पार्टी को 35 प्रतिशत वोट शेयर के साथ 66 से 79 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है।
​कांग्रेस: मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस को 23.5 प्रतिशत वोट शेयर के साथ 12 से 29 सीटें मिलने की बात कही जा रही है।
​वारिस पंजाब दे: अमृतपाल सिंह की पार्टी ‘वारिस पंजाब दे’ को 11 प्रतिशत वोट और 4 सीटें तक मिलने का अनुमान है, जो पंथक वोटों में बड़ी सेंध लगा रही है।


​अकाली-भाजपा गठबंधन: अकेले लड़ने पर अकाली दल (14.5% वोट, 5-9 सीटें) और भाजपा (14% वोट, 4-12 सीटें) कमजोर दिखते हैं, लेकिन गठबंधन होने पर इनका संयुक्त वोट शेयर 29.5% तक पहुंच सकता है और इन्हें 24 से 39 सीटें मिलने का अनुमान है।


​कोई यूनिफॉर्म ट्रेंड नहीं, हंग असेंबली की पूरी संभावना
​राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों की तरह पंजाब में इस बार कोई एकतरफा या यूनिफॉर्म चुनावी ट्रेंड नजर नहीं आ रहा है। 2022 में 93 सीटें जीतने वाली आम आदमी पार्टी या कांग्रेस—किसी को भी इस बार के सर्वे स्पष्ट बहुमत का हकदार नहीं मान रहे हैं। जानकारों का अनुमान है कि इस बार पंजाब में हंग असेंबली (त्रिशंकु विधानसभा) बनने के पूरे आसार हैं। ऐसे में बिना भारतीय जनता पार्टी या इस संभावित गठबंधन के सहयोग के राज्य में सरकार बनना मुश्किल साबित होगा और यह गठबंधन सीधे तौर पर सत्ता के कड़े मुकाबले में आ जाएगा।


​(रिपोर्ट: सुरेंद्र राणा, ब्यूरो चीफ, पंजाब दस्तक, चंडीगढ़)
​देखते रहे पंजाब का सच — पंजाब का सच की आवाज़
लाइक करें, शेयर करें, सब्सक्राइब करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *