लाहौल-स्पीति जिला परिषद अध्यक्ष ठिनले दिचेन

हिमाचल में सुक्खू सरकार के खिलाफ जनता का कड़ा संदेश: 12 में से 11 जिला परिषदों पर भाजपा का परचम, बिंदल बोले—’यह सरकार के खिलाफ जनमत संग्रह’

Spread the love

​वरिष्ठ पत्रकार: मीनाक्षी, शिमला
​शिमला/लाहौल-स्पीति:


लाहौल-स्पीति जिला परिषद चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार की ऐतिहासिक जीत के बाद हिमाचल प्रदेश की राजनीति पूरी तरह गरमा गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने इस जीत को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता का स्पष्ट संदेश और एक तरह का जनमत संग्रह करार दिया है। डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश की कुल 12 जिला परिषदों में से 11 में भाजपा समर्थित नेतृत्व का उभरना यह साफ दर्शाता है कि जनता वर्तमान सरकार के कामकाज से पूरी तरह खफा है।


​लाहौल-स्पीति में थिनले देचेन की शानदार जीत
​डॉ. राजीव बिंदल ने बताया कि जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति में लंबे इंतजार के बाद हुए जिला परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी थिनले देचेन ने जीत का परचम लहराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार और उसके नेताओं ने सत्ता और सरकारी मशीनरी का जमकर दुरुपयोग किया, लेकिन इसके बावजूद भाजपा समर्थित प्रत्याशी ने शानदार विजय हासिल की।


​सीएम और डिप्टी सीएम के गृह क्षेत्रों में भी भाजपा का दबदबा
​भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जिले हमीरपुर से लेकर उप-मुख्यमंत्री के गृह जिले ऊना तक, और शिमला से लेकर कांगड़ा तक हर जगह भाजपा समर्थित नेतृत्व ने बढ़त बनाई है। राजधानी शिमला की जिला परिषद में भी भाजपा समर्थित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुने गए हैं। अब जनजातीय क्षेत्र लाहौल-स्पीति में मिली जीत ने इस जनादेश पर अंतिम मुहर लगा दी है।


​”सुक्खू सरकार और उनकी कैबिनेट पर जनता का जनमत संग्रह”
​डॉ. बिंदल ने कड़े शब्दों में कहा, “हम इन चुनाव परिणामों को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उनकी कैबिनेट और कांग्रेस सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता के जनमत संग्रह के रूप में देखते हैं। पंचायत से लेकर जिला परिषद तक जनता ने अपने वोट के जरिए अपना फैसला सुना दिया है।”
​उन्होंने आगे कहा कि भाजपा इन नतीजों को संगठन और कार्यकर्ताओं के लिए एक बड़ी जिम्मेदारी मानती है। नवनिर्वाचित प्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में विकास, जनसेवा और स्थानीय समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देकर जनता की उम्मीदों पर पूरी तरह खरा उतरेंगे।
​प्रदेश की हर सटीक और ताजा खबर देखने के लिए देखते रहें पंजाब दस्तक।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *