शिमला (मीनाक्षी, वरिष्ठ पत्रकार):
हिमाचल प्रदेश की मौजूदा आर्थिक स्थिति और पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में लिए गए वित्तीय फैसलों का पूरा लेखा-जोखा जनता के सामने लाने के लिए सुक्खू सरकार ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। प्रदेश की वित्तीय स्थिति पर श्वेत पत्र (व्हाइट पेपर) तैयार करने की जिम्मेदारी उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता वाली सात सदस्यीय कैबिनेट सब-कमेटी को सौंपी गई है। इस सब-कमेटी में वित्त विभाग के सचिव को सदस्य सचिव बनाया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सरकार ने कोई नई कमेटी गठित करने के बजाय 12 मई 2023 को गठित कैबिनेट सब-कमेटी को ही पुनर्गठित किया है। पुरानी अधिसूचना को अधिक्रमित करते हुए जारी किए गए नए आदेशों के बाद अब इस कमेटी को प्रदेश की वित्तीय सेहत का आकलन कर श्वेत पत्र तैयार करने का दायित्व दिया गया है।
कमेटी में इन दिग्गज मंत्रियों को मिली जगह:
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की कमान वाली इस उच्चस्तरीय सब-कमेटी में प्रदेश सरकार के प्रमुख मंत्रियों को शामिल किया गया है। इनमें उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्मानी शामिल हैं।
पिछली सरकार के फैसलों और खजाने पर बोझ का होगा आकलन:
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने धर्मशाला में आयोजित विधानसभा सत्र के दौरान प्रदेश की आर्थिक स्थिति और पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में लिए गए वित्तीय निर्णयों को लेकर श्वेत पत्र लाने का ऐलान किया था। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया था कि उपमुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मंत्रियों की एक कमेटी गठित की जाएगी, जो पूरी स्थिति की समीक्षा करेगी। अब यह सब-कमेटी विभिन्न विभागों के वित्तीय आंकड़ों, ऋण की स्थिति और पिछली सरकार के समय सरकारी खजाने पर पड़े अतिरिक्त बोझ का बारीकी से हिसाब-किताब तैयार करेगी।
सियासी गलियारों में उठे सवाल:
सरकार के इस फैसले के बाद प्रदेश की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या श्वेत पत्र के जरिए प्रदेश पर बढ़ते कर्ज और आर्थिक संकट की वास्तविक तस्वीर आम जनता के सामने स्पष्ट हो पाएगी? इसके साथ ही सियासी गलियारों में यह सवाल भी गूंज रहा है कि पिछली सरकार के वित्तीय फैसलों की समीक्षा के बाद सरकार क्या कड़े आर्थिक सुधार लागू करेगी, या फिर आगामी चुनावों से पहले यह कदम एक बड़े राजनीतिक मुद्दे के रूप में उभरकर सामने आएगा।
देखते रहें पंजाब दस्तक… सच की आवाज, शिमला से वरिष्ठ पत्रकार मीनाक्षी की रिपोर्ट।
