हिमाचल में 2006 करोड़ की आपदा राहत राशि के इस्तेमाल की जांच के लिए पहुंच रही केंद्रीय टीम

कहां खर्च हुए केंद्र से मिले 2006 करोड़? हिमाचल आ रही है केंद्रीय टीम, तीन दिन तक आपदा प्रभावित इलाकों में होगा एक-एक पैसे का हिसाब; कुल्लू, मंडी और शिमला में मचेगी हलचल

Spread the love

​शिमला (सुरेंद्र राणा, ब्यूरो चीफ):

हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2023 और 2025 की भीषण बरसात के दौरान हुई तबाही के बाद केंद्र सरकार से मिली भारी-भरकम आर्थिक मदद के इस्तेमाल पर अब बड़ा सवालिया निशान लग गया है। पोस्ट डिजास्टर नीड असेसमेंट (पीडीएनए) के तहत पुनर्निर्माण कार्यों के लिए केंद्र से मिली करोड़ों रुपये की धनराशि आखिर कहां और कैसे खर्च हुई, इसकी जमीनी हकीकत जांचने के लिए अब केंद्रीय टीम खुद हिमाचल के फील्ड में उतरने जा रही है।


​मिली जानकारी के अनुसार, आगामी 1 दिसंबर से राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) की सदस्य रीता मिसल के नेतृत्व में केंद्रीय टीम का तीन दिवसीय हिमाचल दौरा शुरू होने जा रहा है। इस उच्चस्तरीय टीम के दौरे की खबर से प्रदेश के प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है, क्योंकि टीम सीधे प्रभावित क्षेत्रों में जाकर पुनर्निर्माण कार्यों की भौतिक सत्यापन (वेरिफिकेशन) करेगी।


​तीन जिलों में तीन दिन तक चलेगा निरीक्षण का दौर:
केंद्रीय टीम अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान आपदा से सबसे अधिक प्रभावित रहे कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों का रुख करेगी और वहां चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण करेगी। दौरे के पहले दिन यानी 1 दिसंबर को टीम कुल्लू जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेगी। इसके बाद अगले दो दिनों में मंडी और शिमला जिलों में धरातल पर हुए कार्यों की हकीकत परखी जाएगी।


​करोड़ों की ग्रांट का लिया जाएगा पूरा हिसाब:
गौरतलब है कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने पीडीएनए के तहत वर्ष 2023 की आपदा में हुए नुकसान की भरपाई और पुनर्निर्माण के लिए प्रदेश को 2006 करोड़ रुपये की बड़ी मदद जारी की थी। इसके अलावा, वर्ष 2025 की बरसात में हुए नुकसान के बाद केंद्र सरकार से पहली किस्त के तौर पर राज्य को 522 करोड़ रुपये मिल चुके हैं, जबकि राज्य सरकार ने दूसरी किस्त के रूप में 697 करोड़ रुपये की और मांग केंद्र के समक्ष रखी है।


​अब अगली किस्त जारी होने से पहले केंद्र सरकार की यह टीम पहले से मिले 2006 करोड़ रुपये की सहायता राशि के एक-एक पैसे के इस्तेमाल का हिसाब लेगी। फील्ड निरीक्षण के दौरान यदि कार्यों में कोई लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है, तो प्रशासनिक अधिकारियों की जवाबदेही तय होना निश्चित माना जा रहा है।


​हर पल की खबर जानने के लिए, शासन-प्रशासन तक आपकी आवाज… देखते रहें पंजाब दस्तक, सच की आवाज, शिमला से ब्यूरो चीफ सुरेंद्र राणा की रिपोर्ट।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *