शिमला (पंजाब दस्तक):
रिपोर्ट: सुरेंद्र राणा, ब्यूरो चीफ
तीन दिन के अवकाश के बाद हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र की कार्यवाही आज दोपहर 2:00 बजे जैसे ही दोबारा शुरू होगी, सदन के भीतर जबरदस्त सियासी तपिश देखने को मिलेगी। सदन की शुरुआत होते ही कुल्लू क्षेत्रीय अस्पताल में प्रसूता मंजू शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला गूंजना तय है। डॉक्टरों पर लापरवाही के गंभीर आरोपों के बीच नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इस संवेदनशील मामले को लेकर सीधे विधानसभा में सवाल दागा है, जिसे लेकर विपक्ष सरकार को घेरने की पूरी रणनीति बना चुका है।
सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य पर भी सरकार से तीखे सवाल
आज के प्रश्नकाल में केवल कुल्लू का मामला ही नहीं, बल्कि प्रदेश की लचर स्वास्थ्य व्यवस्था, बदहाल सड़कों और शिक्षा से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर भी जोरदार हंगामे के आसार हैं। सत्तापक्ष और विपक्ष के विधायक अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और प्रदेश स्तर की खामियों को लेकर सीधे सरकार से जवाब-तलब करेंगे।
बेरोजगारी और 5 लाख नौकरियों की गारंटी पर आर-पार
प्रश्नकाल के तुरंत बाद सदन में प्रदेश के सबसे बड़े मुद्दे यानी बेरोजगारी और कांग्रेस की चुनावी गारंटियों पर तीखी बहस आगे बढ़ेगी। भाजपा विधायक सुधीर शर्मा, राकेश जम्वाल, रणधीर शर्मा, हंसराज और के.आर. कटवाल ने इस मुद्दे पर चर्चा का प्रस्ताव दिया है। विपक्ष का सीधा आरोप है कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले हर साल 1 लाख और 5 साल में 5 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन जमीनी हकीकत में युवा आज भी रोजगार की राह देख रहे हैं।
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू देंगे विपक्ष के हमलों का जवाब
सदन में होने वाली इस गरमा-गरम बहस के अंत में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू खुद सरकार का पक्ष रखते हुए विपक्ष के तीखे सवालों का जवाब देंगे। ऐसे में आज मानसून सत्र के दौरान स्वास्थ्य महकमे की कार्यप्रणाली, मंजू शर्मा मौत मामले और चुनावी वादों पर सत्तापक्ष व विपक्ष के बीच तीखी तकरार होना पूरी तरह तय माना जा रहा है।
देखते रहें पंजाब दस्तक, आपका अपना चैनल! ऐसी ही सटीक, बेबाक और जमीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें और फेसबुक पेज को फॉलो व शेयर करना न भूलें। पल-पल की ताजा और निष्पक्ष खबरों के लिए जुड़े रहें सिर्फ पंजाब दस्तक के साथ!

